सजेशन: बारिश में क्या खाएं-क्या न खाएं | डॉ. अदिति शर्मा की डाइट गाइड
rainy season diet Guide: बरसात के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए जानिए डॉ. अदिति शर्मा की खास डाइट टिप्स। ताजा भोजन, मौसमी फल-सब्जियां, दालें और सही नॉनवेज चुनें। जानें किन चीज़ों से बचें।
बरसात के मौसम में कैसी हो आपकी डाइट। जानिए डॉ. अदिति शर्मा के खास टिप्स। (तस्वीर: AI Generated)
rainy season diet Guide: बारिश का मौसम न सिर्फ खुशनुमा होता है, बल्कि इसके साथ कई स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ जाते हैं। इस मौसम में खान-पान की लापरवाही से पेट, इम्यूनिटी और पाचन से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं। डाइटीशियन डॉ. अदिति शर्मा (Dietitian Dr. Aditi Sharma) बताती हैं कि इस मौसम में ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन कैसे आपकी सेहत बनाए रख सकता है। जानिए बरसात में कौन से फल, सब्जियां, दालें और आहार आपको सुरक्षित और स्वस्थ रखते हैं और किन चीज़ों से बचना चाहिए।
आइए जानते हैं, इस सीजन में कैसी हो आपकी डाइट।
ताजा-गर्म भोजन
इस मौसम में बाहर का खाना खाने से परहेज करें, क्योंकि इस मौसम में पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है।
- घर का बना ताजा और गर्म खाना ही खाएं।
- हमेशा हल्का खाना खाएं।
- तले-भुने व्यंजनों से भी परहेज करें।
- दलिया, खिचड़ी, दाल, सूप को अपने खाने में शामिल करें।
- ठंडा और फ्रिज में रखा हुआ खाना न खाएं।
इम्यूनिटी को मजबूत बनाएं
अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए तुलसी, अदरक वाली चाय का सेवन करें। काढ़ा पीने से भी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इससे इन दिनों होने वाली अन्य बीमारियों से भी बचे रह सकते हैं।
मौसमी सब्जियां-फल
मौसमी सब्जियों और फलों को अपने आहार में शामिल करना चाहिए। इस मौसम में लौकी, परवल, तोरी, और सीताफल खा सकती हैं, क्योंकि ये सब पेट के लिए बहुत ही फायदेमंद होती हैं लेकिन इसे बनाने से पहले अच्छी तरह से जरूर साफ कर लें।
इसके अलावा रंग-बिरंगी फलों का भी सेवन फायदेमंद होता है जैसे सेब, आम, जामुन, अमरूद, चेरी, स्ट्रॉबेरी और आलू बुखारा खा सकती हैं। इसमें फाइबर और विटामिंस होते हैं, जो हमारे शरीर के लिए बहुत ही लाभदायक होते हैं। इसलिए इनको अपनी डेली डाइट में शामिल करें। ये हमारे इम्यूनिटी सिस्टम को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं। लेकिन खाने से पहले फलों को अच्छी तरह धोना जरूरी है।
आटा-चावल
इस मौसम में बाजरा, रागी और गेंहू के आटे को बदल-बदल कर खाना चाहिए। बाजरा और रागी में प्रोटीन, कैल्शियम बहुत होता है। ये दोनों ही हमारे शरीर के लिए बहुत ही आवश्यक हैं। गेंहू के आटे में चोकर को छानकर फेंकें नहीं। इसके अलावा चावल में ब्राउन राइस लें, क्योंकि ये हार्ट, शुगर और बीपी के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। इसलिए इसे अपने खाने में जरूर शामिल करें। कभी-कभी वाइट राइस भी खा सकती हैं।
दालें
इस मौसम में जब भी दाल बनाएं तो छिलके वाली दाल ही बनानी चाहिए। राजमा, मटर, लोबिया काले चने बना सकती हैं, क्योंकि एक कटोरी दाल में 7 ग्राम प्रोटीन होता है और इसमें फाइबर की मात्रा भी अधिक होती है, जो हमारे शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद है। इसके साथ ही चने के बेसन की कढ़ी भी खा सकती हैं। इसमें भी प्रोटीन होता है।
नॉनवेज
अगर नॉनवेज खाती हैं तो उसे हमेशा ताजा ही खरीदें और इसे अच्छी तरह पकाकर ही खाएं। अधपका मीट या चिकन खाने से आपकी सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है।
गुनगुना पानी
बरसात के मौसम में दूषित पानी का खतरा बढ़ जाता है इसलिए इस मौसम में गुनगुने पानी का ही सेवन करें या फिल्टर का पानी पीएं। इसके साथ नीबू पानी, नारियल पानी, सूप पीना भी फायदेमंद होता है।
दही-छाछ
घर का बना ताजा दही और छाछ पेट के लिए बहुत ही अच्छे होते हैं लेकिन इस मौसम में रात में दही खाने से परहेज करना चाहिए। इससे सर्दी या जुकाम हो सकता है।
इनका रखें ध्यान: जहां तक हो सके घर का बना खाना ही खाएं। बाहर के खाने से परहेज करें। पकौड़ी, चाट, मोमोज, पानीपूरी भले ही आपको बेहद पसंद हों, लेकिन इस मौसम में इसे खाने से बचें, क्योंकि बरसात में इनमें बैक्टीरिया पनपने की संभावना अधिक बढ़ जाती है। इस मौसम में कटे हुए सलाद और फल खाने से परहेज करें। खुलें में रखे फल और सलाद जल्दी खराब हो जाते हैं। इसलिए जब खाना हो तो उसी समय अच्छी तरह धोकर काटकर खाएं। यदि आप इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान रखेंगी तो बीमार होने से बची रहेंगी।