Basant Panchami Recipe: वसंत पंचमी पर मां सरस्वती को लगाएं बेसन लड्डू का भोग, माता होंगी प्रसन्न, बरसेगी कृपा

Basant Panchami Besan Laddu Recipe: वसंत पंचमी पर मां सरस्वती का विशेष पूजन किया जाता है। उन्हें पीले भोग के तौर पर बेसन लड्डू का भोग लगाया जा सकता है।

Updated On 2024-02-10 18:00:00 IST
मां सरस्वती को प्रसन्न करने के लिए वसंत पंचमी पर बेसन लड्डू का भोग लगाएं।

Basant Panchami Besan Laddu Recipe: वसंत पंचमी के मौके पर विद्या की देवी मां सरस्वती की विशेष आराधना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि माता सरस्वती को पीली चीजों का भोग लगाने से वे अपने भक्तों पर जल्द प्रसन्न होती हैं और उन पर जीवनभर कृपा बनाए रखती हैं। इस वसंत पंचमी के मौके पर आप माता को उनकी पसंद का भोग लगा सकते हैं। मां को बेसन के लड्डुओं का भोग भी अतिप्रिय माना जाता है। इसे लगाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जा सकता है। 

बेसन लड्डू बनाने के लिए सामग्री
बेसन - 2 कप
काजू कटे - 10
बादाम कटी - 10
पिस्ता कतरन - 1 टी स्पून
इलायची पाउडर - 1 टी स्पून
घी - 1 कप
चीनी का बूरा - 1 कप

बेसन लड्डू बनाने की विधि
बेसन का लड्डू बनाने के  लिए सबसे पहले एक कड़ाही में देसी घी डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें। घी पिघलने के बाद उसमें बेसन डालें और करछी से चलाते हुए मिक्स करें। अब फ्लेम धीमी कर दें और बेसन को तब तक सेकें जब तक कि उसका रंग हल्का भूरा न हो जाए। बेसन का रंग बदलने में लगभग 15 मिनट का वक्त लगेगा। 

बेसन सिकने के दौरान काजू, बादाम को बारीक काट लें। जब बेसन में से भीनी खुशबू आनी शुरू हो जाए तो उसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें और करछी से मिला दें। अब बेसन में थोड़ा सा पानी छिड़कें और सेकें। पानी छिड़कने से बेसन को दानेदार बनाने में हेल्प मिलेगी। जब बेसन का पानी पूरी तरह से सूख जाए तो गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।

थोड़ी देर बाद बेसन के मिश्रण को एक थाली/ट्रे में निकाल लें। इसके बाद बेसन में इलायची पाउडर और स्वादानुसार चीनी का बूरा डालकर मिक्स करें। मिश्रण एकसार होने के बाद उसे थोड़ा-थोड़ा कर हाथों में लें और दबाते हुए लड्डू बांधें। लड्डू बनने के बाद थाली में अलग रखते जाएं। इसी तरह सारे बेसन लड्डू तैयार करें और सैट होने के लिए छोड़ दें। लड्डू सैट होने के बाद माता को भोग लगाने के लिए तैयार हैं।

Similar News