Grapes Plantation: घर में अंगूर का लग जाएगा ढेर? प्लांटेशन के बाद इस तरीके से करें देखभाल
Grapes Plantation: बागवानी के शौकीन लोग घर पर अंगूर की बेल लगाना पसंद करते हैं। आप भी ऐसा करना चाहते हैं तो ये बेहद आसान है।
Grapes Plantation: अंगूर एक ऐसा फल है जिसे हर कोई पसंद करता है, लेकिन ज़्यादातर लोग इसे सिर्फ बाजार से ही खरीदते हैं। आप अगर गार्डनिंग करना पसंद करते हैं तो अंगूर की बेल घर में भी लगा सकते हैं और ताजे अंगूरों का मजा ले सकते हैं। थोड़ी देखभाल और सही तरीके से इसकी ग्रोथ पर ध्यान दिया जाए तो अंगूर की बेल घर के गार्डन या फिर टेरेस पर भी खूब फलती-फूलती है।
अंगूर की बेल लगाने में ज्यादा खर्चा नहीं आता और इसकी देखभाल भी बहुत मुश्किल नहीं है। सही मिट्टी, धूप, और पानी देने की तकनीक अपनाकर आप घर पर ही अंगूर की बेल को लंबे समय तक हरा-भरा रख सकते हैं।
अंगूर की बेल लगाने और देखभाल के टिप्स
सही जगह का चुनाव
अंगूर की बेल को तेज धूप की जरूरत होती है, इसलिए इसे ऐसी जगह लगाना जरूरी है जहां दिनभर कम से कम 6 से 7 घंटे धूप मिले। छायादार जगह पर बेल की ग्रोथ कमजोर हो जाती है और फल भी सही से नहीं लगते।
मिट्टी की तैयारी करें
अंगूर की बेल के लिए हल्की, जल निकासी वाली और उपजाऊ मिट्टी सबसे अच्छी होती है। आप मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी-कम्पोस्ट मिला सकते हैं। इससे बेल को शुरुआती दिनों में अच्छी पोषण मिलती है और जड़ें मजबूत होती हैं।
कटिंग या बेल लगाएं
अंगूर की बेल लगाने के लिए आप नर्सरी से तैयार बेल ला सकते हैं या कटिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। कटिंग को 24 घंटे पानी में भिगोकर मिट्टी में लगाएं। इसे लगाते समय ध्यान रखें कि जड़ अच्छी तरह दब जाए और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दी जाए।
बेल की देखभाल करें
अंगूर की बेल को हफ्ते में 2-3 बार पानी देना जरूरी है, खासकर गर्मियों में। पानी हमेशा जड़ों में ही डालें, पत्तियों पर छिड़काव करने से फंगस लगने का खतरा रहता है। बेल बढ़ने लगे तो उसे सहारा देने के लिए लकड़ी या तार का जाल लगाएं।
खाद और छंटाई पर ध्यान दें
अंगूर की बेल को हर 30-40 दिन में ऑर्गेनिक खाद दें। इसके अलावा समय-समय पर बेल की छंटाई करना जरूरी है। छंटाई से नई शाखाएं निकलती हैं और फल की क्वालिटी भी अच्छी रहती है।
कीड़ों से बचाव
आप अगर बेल पर सफेद फफूंदी या कीड़े लगे देखें तो नीम का तेल स्प्रे करें। यह नेचुरल कीटनाशक है और बेल को नुकसान नहीं पहुंचाता।