Terrace Gardening Tips: घर पर उगाएं ताजी और हरी लौकी, जानिए आसान तरीका और ज़रूरी बातें

Terrace Gardening Tips: घर में लौकी उगाना एक बेहतरीन अनुभव हो सकता है। आप अगर गार्डनिंग के शौकीन हैं तो इस काम को आसानी से अंजाम दे सकते हैं।

Updated On 2025-07-20 15:15:00 IST

घर में लौकी उगाने के टिप्स।

Terrace Gardening Tips: आजकल लोग तेजी से ऑर्गेनिक खेती की ओर बढ़ रहे हैं, और अगर आपके पास छत, बालकनी या थोड़ा सा खुला आंगन है, तो आप भी ताजी सब्जियां घर पर उगा सकते हैं। लौकी यानी बॉटल गॉर्ड (Bottle Gourd) ऐसी ही एक सब्जी है, जिसे घर पर आसानी से उगाया जा सकता है। यह न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि इसकी बेल भी खूबसूरत लगती है और छांव देती है।

लौकी फाइबर, पानी और विटामिन्स से भरपूर होती है। इसे अगर आप खुद उगाते हैं, तो न केवल बाजार के केमिकल्स से बच सकते हैं, बल्कि ताजगी और पोषण भी दोगुना हो जाता है। लौकी की खेती के लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती और ये गर्मी और बरसात दोनों में अच्छी फलती है। आइए जानते हैं लौकी उगाने का आसान और असरदार तरीका।

1. मौसम और जगह का चयन करें

लौकी की खेती के लिए गर्म और नम मौसम सबसे अनुकूल होता है, यानी मार्च से जुलाई के बीच यह सबसे अच्छी उगती है। इसे ऐसी जगह उगाएं जहां 5-6 घंटे सीधी धूप मिलती हो। छत या बालकनी इसके लिए परफेक्ट जगहें हैं।

2. गमले और मिट्टी की तैयारी

लौकी के लिए 18 इंच गहरा और चौड़ा गमला या ग्रो बैग चुनें। मिट्टी में 60% गार्डन सॉयल, 20% गोबर की खाद और 20% रेत या कोकोपीट मिलाएं। यह मिश्रण जड़ों के लिए पोषक और जलनिकासी के लिए उपयुक्त होता है।

3. बीज कैसे लगाएं

बीजों को 8-10 घंटे पानी में भिगोने के बाद गमले में 1-1.5 इंच गहराई में बोएं। हर गमले में 2 बीज लगाएं और बाद में एक मजबूत पौधा चुनकर दूसरा हटा दें। बीज अंकुरित होने में 6-8 दिन लगते हैं।

4. सिंचाई और देखभाल

पौधे को नियमित रूप से पानी दें, लेकिन गमला पानी से भरना नहीं चाहिए। हर 10-12 दिन में गोबर की खाद या घर की किचन वेस्ट से बनी जैविक खाद डालें। बेल बढ़ने लगे तो इसके लिए मजबूत जाल या मचान तैयार करें।

5. कीटों से सुरक्षा

अगर पत्तों पर पीले या भूरे धब्बे दिखें, तो नीम का तेल या घर में बना जैविक स्प्रे छिड़कें। कीटों से बचाने के लिए सप्ताह में एक बार यह स्प्रे करना काफी होता है।

6. फल आने का समय

बीज बोने के 45–50 दिन बाद फल लगने शुरू हो जाते हैं। जब लौकी 8-10 इंच की हो जाए और चमकदार दिखे, तभी तोड़ें। समय से तोड़ने पर बेल में नए फल जल्दी आते हैं।

Tags:    

Similar News