Sarson Saag: मक्के की रोटी संग पंजाबी सरसों का साग का उठाएं मज़ा, बनाने का यह तरीका है ईज़ी

Sarson Saag Recipe: सर्दी के सीजन में मक्के की रोटी के साथ सरसों की साग का सेवन अलग ही लुत्फ देता है। ये पौष्टिक डिश सेहत के लिए फायदेमंद भी है।

Updated On 2026-01-03 18:30:00 IST
सरसों का साग बनाने का तरीका।

Sarson Saag Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही अगर किसी एक डिश का नाम सबसे पहले जुबां पर आता है, तो वह है पंजाबी सरसों का साग और मक्के की रोटी। यह कॉम्बिनेशन सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहद खास माना जाता है। ठंड में शरीर को गर्म रखने और भरपूर एनर्जी देने में यह पारंपरिक पंजाबी डिश कमाल का काम करती है।

खास बात यह है कि सरसों का साग और मक्के की रोटी आज भी गांवों से लेकर शहरों तक उतने ही चाव से खाए जाते हैं। अगर आप भी घर पर होटल जैसा स्वाद चाहते हैं, तो यह आसान तरीका आपके काम आएगा। आइए जानते हैं सरसों का साग और मक्के की रोटी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि।

सरसों की साग बनाने के लिए सामग्री

  • 500 ग्राम सरसों के पत्ते
  • 100 ग्राम पालक
  • 50 ग्राम बथुआ (वैकल्पिक)
  • 2 हरी मिर्च
  • 1 इंच अदरक
  • 4-5 लहसुन की कलियां
  • 2 टेबलस्पून मक्के का आटा
  • नमक स्वादानुसार
  • 2 टेबलस्पून देसी घी
  • 1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर

सरसों की साग बनाने का तरीका

सरसों का साग बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इसके लिए सबसे पहले सरसों, पालक और बथुआ के पत्तों को अच्छी तरह धो लें। मोटे डंठल हटा दें और पत्तों को मोटा-मोटा काट लें। अब इन्हें कुकर या भारी बर्तन में डालें।

अब कटे हुए पत्तों में हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और थोड़ा सा नमक डालें। अब इसमें थोड़ा पानी डालकर ढक दें और मध्यम आंच पर 15-20 मिनट तक पकने दें, जब तक पत्ते पूरी तरह नरम न हो जाएं।

इसके बाद पके हुए पत्तों को ठंडा होने दें और फिर मिक्सर या मथनी की मदद से हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि साग पूरी तरह स्मूद न हो, उसमें हल्की बनावट बनी रहनी चाहिए।

अब एक कड़ाही में देसी घी गरम करें। इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद लाल मिर्च पाउडर डालें और तुरंत पिसा हुआ साग कड़ाही में डाल दें।

अब मक्के के आटे को थोड़ा पानी मिलाकर घोल बना लें और साग में डालें। इससे साग गाढ़ा और स्वादिष्ट बनता है। धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक चलाते हुए पकाएं, ताकि कच्चापन खत्म हो जाए।

जब साग अच्छे से पक जाए और ऊपर घी अलग दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें। ऊपर से थोड़ा सा देसी घी डालें और गरम-गरम मक्के की रोटी के साथ परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News