Roasted Broccoli: स्नैक्स में बच्चों को खिलाएं रोस्टेड ब्रोकली, पोषण के साथ स्वाद मिलेगा जबरदस्त
Roasted Broccoli: बच्चों को टिफिन में या स्कूल से लौटने पर रोस्टेड ब्रोकली बनाकर खिला सकते हैं। ये टेस्टी और हेल्दी फूड उन्हें पसंद आएगा।
रोस्टेड ब्रोकली बनाने की एकदम आसान विधि।
Roasted Broccoli: रोस्टेड ब्रोकली एक टेस्टी और हेल्दी स्नैक्स है जिसे हेल्थ कॉन्शियस लोग बहुत पसंद करते हैं। बात जब बच्चों को हेल्दी फूड देने की हो तो रोस्टेड ब्रोकली एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। दिन के वक्त हेल्दी स्नैक्स के तौर पर घर के सदस्यों के लिए रोस्टेड ब्रोकली तैयार की जा सकती है। इसे आसानी से तैयार भी किया जा सकता है। जो बच्चे सब्जियों को देखकर मुंह बनाने लगते हैं उनके लिए रोस्टेड ब्रोकली स्नैक्स के तौर पर सर्व करना एक शानदार आइडिया रहेगा।
ब्रोकली में विटामिन, मिनरल्स और फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर बच्चों की हड्डियों को मजबूत बनाने तक कई फायदे देती है। ब्रोकली के रोस्ट होने के बाद बनने वाला स्वाद बच्चों को बहुत पसंद आता है। आइए जानते हैं टेस्टी और हेल्दी रोस्टेड ब्रोकली बनाने की बेहद आसान विधि।
रोस्टेड ब्रोकली बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप ताजी ब्रोकली
- 2 बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल या घी
- 1 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच नमक
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच लहसुन पाउडर (वैकल्पिक)
रोस्टेड ब्रोकली बनाने का तरीका
रोस्टेड ब्रोकली एक शानदार हेल्दी स्नैक है जो बच्चों के लिए खास तौर पर तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रोकली को अच्छे से धोएं। इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब एक बाउल में ब्रोकली डालकर उसमें ऑलिव ऑयल, नमक, काली मिर्च और लहसुन पाउडर डालकर सभी चीजों को ब्रोकली के साथ अच्छे से मिला लें। इसके बाद ओवन को 180 डिग्री पर प्रीहीट करें और ब्रोकली को बेकिंग ट्रे पर फैला दें।
आप चाहें तो नॉनस्टिक पैन में डालकर भी रोस्टेड ब्रोकली को तैयार कर सकते हैं। ब्रोकली रोस्ट होने के बाद उसे एक प्लेट में निकालें और ऊपर से नींबू का रस छिड़ककर गर्मागर्म सर्व करें।