Rumali Roti: रेस्टोरेंट जैसी सॉफ्ट रुमाली रोटी घर पर बनाएं, ईज़ी ट्रिक से फटाफट होगी तैयार
How to Make Rumali Roti: रुमाली रोटी को काफी पसंद किया जाता है। आप रेस्टोरेंट जैसी रुमाली रोटी घर पर बनाना चाहते हैं तो इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं।
रुमाली रोटी बनाने की आसान विधि।
How to Make Rumali Roti: रेस्टोरेंट में बनने वाली रुमाली रोटी को काफी पसंद किया जाता है। पतली, सॉफ्ट और बड़ी बनावट वाली इस रोटी के बहुत से दीवाने हैं। खास मौकों पर और रेस्टोरेंट डिशेस के साथ रुमाली रोटी सर्व करना आम है। दाल मखनी से लेकर पनीर की ग्रेवी हो या नॉनवेज डिशेस, रुमाली रोटी हर जगह फिट हो जाती है। ये आपकी प्लेट को भी रॉयल टच देती है।
लोगों के ये लगता है कि रुमाली रोटी या तो तंदूर या ढाबे पर ही बनाई जा सकती है, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आप घर पर भी रुमाली रोटी आसानी से तैयार कर सकते हैं। थोड़ी सी प्रैक्टिस और सही विधि से आप एकदम मुलायम और पतली रुमाली रोटी बना सकते हैं।
रुमाली रोटी बनाने के लिए सामग्री
- मैदा - 1 कप
- गेहूं का आटा - 1/2 कप
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - 1 छोटा चम्मच
- गुनगुना पानी - आटा गूंथने के लिए
- सूखा आटा - बेलने के लिए
- उल्टा तवा (या कढ़ाई) - सेंकने के लिए
रुमाली रोटी बनाने का तरीका
रुमाली रोटी बनाना बहुत सरल है और इसे घर पर भी बनाया जा सकता है। इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, गेहूं का आटा और नमक मिलाएं। इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें।
आटे में एक चम्मच तेल डालें और उसे तब तक अच्छी तरह से मसलें, जब तक कि आटा चिकना न हो जाए। इसके बाद आटे को ढककर कम से कम 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे रुमाली रोटी बनाने के लिए आटा ठीक से सैट हो जाएगा।
अब आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतली चादर जैसी बेल लें। रुमाली रोटी जितनी पतली और बड़ी होगी, उतनी ही बेहतर बनेगी। इसके बाद एक उलटे तवे या उलटी कढ़ाई को तेज़ आंच पर गरम करें।
तवा गर्म होने के बाद इसके ऊपर बेली हुई रुमाली रोटी डाल दें और दोनों तरफ से कुछ सेकंड तक सेकें। रोटी के ऊपर जैसे ही हल्के दाग दिखने लगें, उसे उतार लें और फोल्ड करें। गरमागरम रुमाली रोटी तैयार है। इसे लंच या डिनर के साथ सर्व करें।
(कीर्ति)