Punjabi Rajma: पंजाबी राजमा मसाला खाएंगे तो चाट लेंगे उंगलियां, बनाने का ये तरीका है बेहद आसान

Punjabi Rajma: पंजाबी जायके से लबरेज राजमा मसाला एक स्वादिष्ट डिनर डिश है। इसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।

Updated On 2026-02-05 18:22:00 IST

पंजाबी राजमा मसाला बनाने का तरीका।

Punjabi Rajma Recipe: आप अगर लंच या डिनर में कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो पेट भी भरे और स्वाद भी दिल जीत ले, तो पंजाबी मसाला राजमा से बेहतर कुछ नहीं। उत्तर भारत, खासकर पंजाब में राजमा-चावल सिर्फ एक डिश नहीं बल्कि इमोशन माना जाता है। इसकी खुशबू ही भूख बढ़ाने के लिए काफी होती है।

रेस्टोरेंट जैसा गाढ़ा ग्रेवी वाला पंजाबी मसाला राजमा अब आप आसानी से घर पर बना सकते हैं। सही मसाले, सही पकाने का तरीका और थोड़ा सा धैर्य बस इन्हीं से तैयार होता है परफेक्ट राजमा। आइए जानते हैं स्टेप-बाय-स्टेप आसान रेसिपी।

पंजाबी मसाला राजमा के लिए सामग्री

  • राजमा - 1 कप (रातभर भिगोया हुआ)
  • प्याज - 2 मध्यम (बारीक कटे)
  • टमाटर - 3 मध्यम (प्यूरी)
  • अदरक-लहसुन पेस्ट - 11/2 टेबलस्पून
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी)
  • जीरा - 1 टीस्पून
  • तेज पत्ता - 1
  • हल्दी पाउडर - 1/2 टीस्पून
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 टीस्पून
  • धनिया पाउडर - 2 टीस्पून
  • राजमा मसाला - 11/2 टीस्पून
  • गरम मसाला - 1/2 टीस्पून
  • कसूरी मेथी - 1 टीस्पून
  • मक्खन - 1 टेबलस्पून
  • तेल - 2 टेबलस्पून
  • नमक - स्वादानुसार
  • पानी - जरूरत अनुसार

पंजाबी राजमा मसाला बनाने का तरीका

राजमा उबालने की विधि

भीगे हुए राजमा को कुकर में डालें, थोड़ा नमक और पानी मिलाकर 5-6 सीटी आने तक पकाएं। राजमा इतना नरम होना चाहिए कि उंगलियों से दबाने पर आसानी से मैश हो जाए।

मसालेदार ग्रेवी तैयार करने का तरीका

कड़ाही में तेल और मक्खन गर्म करें। इसमें जीरा और तेज पत्ता डालें। खुशबू आने पर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें और कच्चापन खत्म होने तक पकाएं।

टमाटर और मसाले मिलाने की प्रक्रिया

अब टमाटर प्यूरी डालें और तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, राजमा मसाला और नमक डालकर अच्छे से भूनें।

राजमा डालकर पकाने का तरीका

अब उबले हुए राजमा ग्रेवी में डालें और थोड़ा सा राजमा मैश कर दें, इससे ग्रेवी गाढ़ी बनेगी। जरूरत अनुसार पानी डालें और धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक पकाएं।

फाइनल टच और खुशबू

आखिर में गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें। 2 मिनट पकाकर गैस बंद कर दें। पंजाबी मसाला राजमा तैयार है।

परोसने का तरीका

इस स्वादिष्ट राजमा को स्टीम्ड चावल, जीरा राइस या बटर नान के साथ सर्व करें। ऊपर से थोड़ा मक्खन डालें, स्वाद और भी बढ़ जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News