Radish Eating: किन लोगों को शाम के वक्त मूली नहीं खानी चाहिए? आप तो नहीं हैं इस लिस्ट में, जानिए
Radish Eating: बहुत से लोग शाम के वक्त मूली खाने की मनाही करते हैं। इसके पीछे कुछ कारण भी हैं। आइए जानते हैं क्यों ऐसा कहा जाता है।
शाम को मूली खाने के हो सकते हैं नुकसान।
Radish Eating: शाम होते ही अगर सलाद में मूली दिख जाए, तो कई लोग बिना सोचे-समझे उसे खा लेते हैं। आखिर मूली को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है फाइबर से भरपूर, पाचन में मददगार और वजन घटाने वालों की फेवरेट। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शाम के समय मूली खाना हर किसी के लिए सही नहीं होता?
आयुर्वेद और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मूली की तासीर और पाचन पर असर कुछ लोगों के लिए शाम या रात में परेशानी खड़ी कर सकता है। अगर आप भी रोज़ाना या अक्सर शाम को मूली खाते हैं, तो यह जानना बेहद ज़रूरी है कि कहीं आप भी इस रिस्क लिस्ट में तो नहीं आते।
शाम के वक्त मूली क्यों हो सकती है नुकसानदायक?
मूली की तासीर ठंडी मानी जाती है और इसमें सल्फर कंपाउंड्स होते हैं। दिन में तो यह पाचन को बेहतर बनाती है, लेकिन शाम होते-होते शरीर का मेटाबॉलिज़्म धीमा पड़ने लगता है। ऐसे में मूली कुछ लोगों में गैस, अपच और एसिडिटी जैसी दिक्कतें बढ़ा सकती है।
गैस और अपच की समस्या वालों को
जिन लोगों को अक्सर गैस, पेट फूलना या बदहजमी रहती है, उन्हें शाम के समय मूली खाने से बचना चाहिए। रात के समय यह पेट में भारीपन और असहजता बढ़ा सकती है।
एसिडिटी या सीने में जलन से परेशान लोग
अगर आपको एसिड रिफ्लक्स या सीने में जलन की समस्या रहती है, तो शाम को मूली खाना आपकी परेशानी बढ़ा सकता है। मूली पाचन रसों को एक्टिव कर देती है, जो रात में नुकसानदेह हो सकता है।
थायरॉइड के मरीज
मूली में गोइट्रोजन तत्व पाए जाते हैं, जो थायरॉइड हार्मोन के काम में रुकावट डाल सकते हैं। खासतौर पर शाम या रात में कच्ची मूली का सेवन थायरॉइड मरीजों के लिए सही नहीं माना जाता।
कमजोर पाचन शक्ति वाले लोग
जिनका डाइजेशन कमजोर है या जो जल्दी थकान और पेट से जुड़ी समस्याएं महसूस करते हैं, उन्हें शाम के वक्त मूली से दूरी बनानी चाहिए। यह पेट में ठंडक बढ़ाकर पाचन को और धीमा कर सकती है।
नींद से जुड़ी समस्या वाले लोग
मूली खाने के बाद बार-बार डकार आना या पेट में हलचल नींद में बाधा डाल सकती है। अगर आपको अनिद्रा या हल्की नींद की समस्या है, तो रात के समय मूली खाना नुकसानदायक हो सकता है।
मूली खाने का सही समय क्या है?
मूली दिन के समय या दोपहर के खाने में खाना सबसे बेहतर होता है। इस समय शरीर का पाचन तंत्र एक्टिव रहता है और मूली के पोषक तत्व आसानी से पच जाते हैं।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)