Besan Pyaj ka Paratha: डिनर के लिए राजस्थानी ज़ायके से भरा बेसन-प्याज का पराठा बनाएं, जानें सिंपल रेसिपी

Besan Pyaj ka Paratha: बेसन और प्याज से तैयार होने वाला पराठा बेहद स्वादिष्ट लगता है। राजस्थानी जायके से लबरेज इस पराठे को बनाना भी आसान है।

Updated On 2026-01-23 18:10:00 IST

राजस्थानी बेसन-प्याज पराठा बनाने का आसान तरीका।

Besan Pyaj ka Paratha: राजस्थानी खान-पान की बात हो और पराठे का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। देसी घी की खुशबू, मसालों का तीखापन और बेसन-प्याज का जबरदस्त कॉम्बिनेशन यही खासियत है राजस्थानी बेसन-प्याज के पराठे की। यह पराठा नाश्ते से लेकर लंच तक हर वक्त खाने के लिए परफेक्ट माना जाता है।

अगर आप रोज-रोज के आलू या गोभी पराठे से बोर हो चुके हैं, तो बेसन-प्याज का पराठा जरूर ट्राई करें। यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ पेट भरने वाला भी होता है। खास बात यह है कि इसे बनाना आसान है और कम सामग्री में यह राजस्थानी फ्लेवर का पूरा मजा देता है।

बेसन प्याज का पराठा बनाने के लिए सामग्री

  • गेहूं का आटा - 2 कप
  • बेसन - 1 कप
  • बारीक कटा प्याज - 2 मध्यम
  • हरी मिर्च - 1 बारीक कटी
  • अदरक - 1 छोटा टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ
  • अजवाइन - 1/2 छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी - 1/4 छोटा चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • हरा धनिया - बारीक कटा हुआ
  • घी या तेल - सेकने के लिए
  • पानी - जरूरत अनुसार

बेसन प्याज का पराठा बनाने का तरीका

बेसन और प्याज से तैयार होने वाला पराठा बेहद स्वादिष्ट होता है। इसे तैयार करने के लिए एक बड़े बाउल में बेसन डालें। इसमें कटे हुए प्याज, हरी मिर्च, अदरक, अजवाइन, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, हल्दी और नमक मिलाएं।

अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा मसाला तैयार करें। अंत में हरा धनिया मिलाकर मसाले को 5 मिनट के लिए सेट होने दें। दूसरे बर्तन में गेहूं का आटा लें और उसमें चुटकी भर नमक डालें। पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए।

आटे की लोई लें और हल्का सा बेल लें। इसके बीच में बेसन-प्याज का तैयार मसाला रखें और चारों तरफ से बंद कर दें। अब हल्के हाथ से पराठे को गोल आकार में बेल लें। तवा गरम करें और पराठा डालें। दोनों तरफ से हल्का-हल्का सेंकें। अब घी या तेल लगाकर पराठे को सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।

सारे आटे से इसी तरह पराठे तैयार कर लें। राजस्थानी बेसन-प्याज का पराठा हरी चटनी, दही या लहसुन की चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है। चाहें तो ऊपर से थोड़ा देसी घी भी डाल सकते हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News