Mix Vegetable Kofta: मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता खाएंगे तो नहीं भूलेंगे स्वाद, सीखें बनाने का तरीका
Mix Vegetable Kofta: मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता एक टेस्टी और हेल्दी सब्जी है जिसे खास मौकों पर बनाया जा सकता है। जानते हैं इसे तैयार करने की विधि।
मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता बनाने का तरीका।
Mix Vegetable Kofta: मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता एक टेस्टी और पौष्टिकता से भरी सब्जी है जो खास मौकों पर बनाकर परोसी जा सकती है। इस रॉयल डिश को बनाने के लिए कई तरह की सब्ज़ियों से बने कोफ्तों को मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी लाजवाब बन जाता है। किसी पार्टी, फंक्शन के लिए मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता को तैयार कर सकते हैं।
मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता रोटी, पराठा, नान या जीरा राइस हर किसी के साथ बेहद टेस्टी लगता है। इस डिश की खासियत यह है कि यह न सिर्फ हेल्दी सब्ज़ियों से भरपूर होती है बल्कि इसका रिच और क्रीमी स्वाद हर किसी को पसंद आता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।
मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता बनाने के लिए सामग्री
कोफ्ते के लिए
- 1 कप उबले और मैश किए हुए आलू
- 1/2 कप उबली हुई गाजर
- 1/2 कप उबली हुई बीन्स
- 1/2 कप पत्तागोभी (बारीक कटी)
- 1/2 कप मटर
- 2-3 हरी मिर्च (बारीक कटी)
- 1 इंच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
- 3-4 बड़े चम्मच बेसन या कॉर्नफ्लोर
- नमक स्वादानुसार
- तलने के लिए तेल
ग्रेवी के लिए
- 2 बड़े चम्मच तेल
- 2 प्याज़ (बारीक कटी)
- 2 टमाटर (प्यूरी बनाए हुए)
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 2 हरी मिर्च
- 1 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 1 चम्मच गरम मसाला
- 1/2 कप काजू पेस्ट या मलाई
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया सजाने के लिए
मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता बनाने का तरीका
मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता एक शानदार रेसिपी है जिसे मेहमानों को इंप्रेस करने के लिए तैयार कर सकते हैं। इन्हें बनाने के लिए सबसे पहले सबसे पहले उबली सब्ज़ियों को अच्छी तरह मैश कर लें।
अब इस मिश्रण में हरी मिर्च, अदरक, बेसन या कॉर्नफ्लोर और नमक डालकर मिश्रण तैयार करें। अब इस मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बनाकर गरम तेल में सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। तैयार कोफ्तों को प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
अब ग्रेवी बनाना शुरू करें। इसके लिए कढ़ाई में तेल गरम करें। इसमें प्याज़ डालकर सुनहरा भूनें, इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर भूनें। फिर कड़ाही में टमाटर प्यूरी और हरी मिर्च डालें।
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाकर मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल न छोड़ दे। अब इसमें काजू पेस्ट या मलाई डालकर क्रीमी ग्रेवी तैयार करें।
ग्रेवी में हल्का पानी डालकर उबाल लें। जब ग्रेवी तैयार हो जाए तो परोसने से ठीक पहले तले हुए कोफ्ते इसमें डालें। ऊपर से हरा धनिया छिड़कें। स्वादिष्ट मिक्स वेजिटेबल कोफ्ता की सब्जी सर्व करने के लिए तैयार है।