Matar Paratha: सर्दी की गुनगुनी सुबह का मज़ा बढ़ा देगा मटर का पराठा, 10 मिनट में कर सकते हैं तैयार
Matar Paratha Recipe: मटर पराठा एक टेस्टी ब्रेकफास्ट रेसिपी है जो आसानी से तैयार की जा सकती है। जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
मटर पराठा बनाने की विधि।
Matar Paratha Recipe: सर्दियों की ठंडी सुबह में गरमा-गरम पराठे की खुशबू जैसे ही रसोई से आती है, भूख अपने आप बढ़ जाती है। अगर इस मौसम के स्पेशल हरे मटर को आटे में भरकर पराठा बनाया जाए, तो उसका स्वाद लाजवाब हो जाता है। मटर पराठा न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है, क्योंकि इसमें फाइबर, प्रोटीन और विटामिन की भरपूर मात्रा होती है।
उत्तर भारत में खासकर पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सर्दियों के दौरान मटर पराठा नाश्ते का फेवरेट ऑप्शन है। इसे दही, सफेद मक्खन या अचार के साथ परोसा जाए तो पूरा परिवार इसे देखकर ही खुश हो जाता है।
मटर पराठा बनाने के लिए सामग्री
- गेहूं का आटा - 2 कप
- ताजा हरे मटर - 1 कप
- अदरक - 1 इंच का टुकड़ा
- हरी मिर्च - 2
- धनिया पत्ता - 2 टेबल स्पून (कटा हुआ)
- जीरा - 1/2 टीस्पून
- नमक - स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टीस्पून
- गरम मसाला - 1/4 टीस्पून
- तेल/घी - पराठा सेंकने के लिए
मटर पराठा बनाने का तरीका
मटर पराठा विंटर की एक टेस्टी ब्रेकफास्ट रेसिपी है जिसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले मटर को हल्का उबाल लें या 2 मिनट के लिए माइक्रोवेव में रख दें।
जब मटर के दाने ठंडे हो जाएं तो मिक्सर में अदरक, हरी मिर्च और मटर डालकर दरदरा पीस लें। इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें, उसमें जीरा डालें और तड़कने दें।
अब इसमें पिसा हुआ मटर मिश्रण डालें, साथ ही नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला मिलाएं। इस मिक्स को 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें जब तक वह थोड़ा सूखा न हो जाए। गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। आपकी भरावन तैयार है।
अब एक बाउल में आटा लें, नमक और थोड़ा तेल डालें। धीरे-धीरे पानी डालकर मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह सेट हो जाए।
अब आटे की छोटी लोई बनाएं, बीच में जगह बनाकर मटर की भरावन डालें। किनारों को बंद करें और हल्के हाथ से बेल लें। अब तवा गर्म करें और पराठा डालकर मध्यम आंच पर सेंकें।
जब एक साइड सुनहरी हो जाए, उसे पलटें और दूसरी तरफ तेल या घी लगाकर सेंकें। दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। तैयार मटर पराठे को दही, मक्खन या अचार के साथ गरमागरम परोसें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।