Dahi Papdi Chaat: खट्टी-मीठी दही पापड़ी चाट का स्वाद है बेमिसाल, इस तरीके से मिनटों में बनाएं

Dahi Papdi Chaat: दही पापड़ी चाट एक फेमस स्ट्रीट फूड है जिसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

Updated On 2026-01-17 19:32:00 IST

दही पापड़ी बनाने का तरीका।

Dahi Papdi Chaat: दोपहर हो या शाम की हल्की भूख, दही पापड़ी चाट हर मौसम में दिल जीत लेने वाला स्नैक है। कुरकुरी पापड़ी, ठंडा दही और मीठी-तीखी चटनियों का कॉम्बिनेशन ऐसा है कि पहला निवाला लेते ही स्वाद का धमाका हो जाता है।

खास बात यह है कि दही पापड़ी चाट घर पर बनाना बेहद आसान है और इसके लिए किसी खास कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं। थोड़ी सी तैयारी और सही लेयरिंग से आप मिनटों में ऐसी चाट बना सकते हैं, जो स्वाद में बाजार को भी पीछे छोड़ दे।

दही पापड़ी चाट के लिए सामग्री

  • पापड़ी - 20 से 25
  • ताजा गाढ़ा दही - 1 कप
  • उबले आलू - 2 (छोटे टुकड़ों में कटे)
  • उबले काबुली चने - 1/2 कप
  • हरी चटनी - 3 से 4 चम्मच
  • इमली की मीठी चटनी - 3 से 4 चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
  • चाट मसाला - स्वादानुसार
  • नमक - स्वादानुसार
  • सेव या बारीक भुजिया - 1/2 कप
  • बारीक कटा हरा धनिया - 2 चम्मच

दही पापड़ी चाट बनाने का तरीका

स्वाद से भरपूर दही पापड़ी चाट बनाना बहुत सरल है। इसके लिए दही को एक बाउल में निकालकर अच्छे से फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे। अगर दही ज्यादा खट्टा हो तो थोड़ा सा दूध मिलाकर बैलेंस किया जा सकता है। चिकना और क्रीमी दही चाट के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है।

सबसे पहले एक सर्विंग प्लेट में पापड़ियों को हल्का सा तोड़कर फैलाएं। इसके ऊपर उबले आलू और काबुली चने डालें। यह लेयर चाट को भरपूर और संतोषजनक बनाती है।

अब आलू-चना वाली लेयर पर पहले हरी चटनी और फिर इमली की मीठी चटनी डालें। इसके बाद फेंटा हुआ दही चारों तरफ अच्छे से फैलाएं, ताकि हर पापड़ी दही से कवर हो जाए।

अब ऊपर से नमक, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और चाट मसाला छिड़कें। आखिर में सेव और हरा धनिया डालकर चाट को आकर्षक लुक दें। चाहें तो ऊपर से थोड़ी सी अनार के दाने भी डाल सकते हैं।

दही पापड़ी चाट को तुरंत परोसना सबसे बेहतर रहता है, ताकि पापड़ियां कुरकुरी बनी रहें। ज्यादा देर रखने से पापड़ी नरम हो जाती है और असली मजा कम हो जाता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

लेखक: (कीर्ति)

Tags:    

Similar News