Bread Upma: हल्की-फुल्की भूख लगने पर फटाफट बनाएं ब्रेड उपमा, 10 मिनट में इस तरह करें तैयार
Bread Upma Recipe: ब्रेड उपमा एक टेस्टी डिश है जिसे किसी भी वक्त बनाकर खाया जा सकता है। इसे 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं।
ब्रेड उपमा बनाने की आसान विधि।
Bread Upma Recipe: ब्रेड से बनी रेसिपी अक्सर फटाफट तैयार हो जाती हैं और स्वाद में भी लाजवाब होती हैं। इन्हीं में से एक है ब्रेड उपमा, जो साउथ इंडियन डिश उपमा का ट्विस्ट वाला वर्ज़न है। यह हेल्दी, हल्की और टेस्टी डिश नाश्ते या शाम की स्नैकिंग के लिए परफेक्ट मानी जाती है। खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत मेहनत की जरूरत नहीं होती और कम समय में यह तैयार हो जाती है।
ब्रेड उपमा में प्याज, टमाटर और हल्के मसालों का फ्लेवर इसे और भी खास बना देता है। अगर आपके पास बची हुई ब्रेड हो और आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हों तो यह रेसिपी आपके लिए बेस्ट है।
ब्रेड उपमा बनाने के लिए सामग्री
- 6-7 ब्रेड स्लाइस
- 2 प्याज (बारीक कटे हुए)
- 2 टमाटर (बारीक कटे हुए)
- 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1/2 चम्मच राई
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 7-8 करी पत्ते
- 2 चम्मच तेल
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया सजावट के लिए
ब्रेड उपमा बनाने का तरीका
ब्रेड उपमा एक टेस्टी स्नैक्स है जिसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड स्लाइस को छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। चाहें तो किनारे (क्रस्ट) हटा सकते हैं।
अब कड़ाही में तेल गरम करें। उसमें राई, करी पत्ता और हरी मिर्च डालकर तड़काएं। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और टमाटर डालें।
जब टमाटर अच्छी तरह से गल जाएं तो हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद कटे हुए ब्रेड के टुकड़े डालकर हल्के हाथों से मसाले के साथ मिक्स करें। ध्यान रखें कि ब्रेड ज्यादा टूटे नहीं।
कुछ देर तक फ्राई करने के बाद गैस बंद कर दें। टेस्टी ब्रेड उपमा बनकर तैयार हो चुका है। इसे ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं। ब्रेड उपमा गर्मागर्म चाय के साथ भी परोस सकते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)