Besan Cheela Chaat: बेसन चीला से बनी ऐसी चाट नहीं खायी होगी! 15 मिनट में होगी तैयार, सब पूछेंगे रेसिपी

Besan Cheela Chaat Recipe: बेसन चीला से बनी चाट बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसे बनना भी आसान है। जानते हैं चीला चाट की रेसिपी।

By :  Desk
Updated On 2025-07-31 13:47:00 IST

बेसन चीला चाट बनाने की आसान विधि। (Image-AI)

Besan Cheela Chaat Recipe: बेसन चीला चाट का स्वाद जिसके मुंह लग जाता है वो इसे बार-बार खाना चाहता है। बेसन चीला तो आपने कई बार खाया होगा लेकिन अगर बेसन चीला चाट नहीं खायी है तो इसे एक बार जरूर ट्राई करें। बेसन चीला बनाकर थोड़ा सा ट्विस्ट देकर बेसन चीला चाट तैयार की जा सकती है। जो चाट के दीवाने हैं उन्हें ये प्रयोग जरूर पसंद आएगा।

बेसन चीला चाट में आप कई तरह की सब्जियों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं जिससे ये काफी हेल्दी स्नैक्स हो सकता है। आइए जानते हैं टेस्टी बेसन चीला चाट बनाने का तरीका।

बेसन चीला चाट के लिए सामग्री

बेसन – 1 कप

प्याज – 1 बारीक कटा

टमाटर – 1 बारीक कटा

हरी मिर्च – 1 बारीक कटी

हरा धनिया – 2 टेबल स्पून

अदरक – 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)

नमक – स्वाद अनुसार

हल्दी – ¼ टी स्पून

लाल मिर्च – ½ टी स्पून

पानी – आवश्यकता अनुसार

तेल – चीला सेंकने के लिए

दही – ½ कप (फेंटा हुआ)

इमली चटनी – 2 चम्मच

हरी चटनी – 2 चम्मच

भुना जीरा पाउडर, काला नमक – स्वाद अनुसार

सेव या भुजिया – सजाने के लिए

बेसन चीला चाट बनाने का तरीका

बेसन चीला चाट बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगता है। इसके लिए सबसे पहले बेसन का बैटर तैयार करें और चीला बनाएं। एक बड़े बाउल में बेसन लें और उसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए स्मूद बैटर तैयार करें। इस बात का ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा। इसमें कटी प्याज, टमाटर और हरा धनिया भी मिलाएं।

अब तवा गरम करें और हल्का सा तेल लगाकर चिकना कर लें। इसमें थोड़ा सा बैटर डालकर तवे पर फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। ऐसे ही 2-3 चीले तैयार कर लें और ठंडा होने दें।

अब तैयार चीले को चौकोर टुकड़ों में काट लें। एक सर्विंग प्लेट में इन टुकड़ों को रखें। ऊपर से फेंटी हुई दही डालें, फिर इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी डालें। ऊपर से भुना जीरा, काला नमक और थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर छिड़कें। टेस्टी बेसन चीला चाट बनकर तैयार है।


(कीर्ति)

Tags:    

Similar News