Jaggery Purity Test: शुद्ध और मिलावटी गुड़ में अंतर कैसे पहचानें? 5 तरीके इसमें करेंगे आपकी मदद
Jaggery Purity Test: बाजार में आजकल धड़ल्ले से मिलावटी गुड़ बिक रहा है। आप बेहद आसानी से मिलावटी और शुद्ध गुड़ में अंतर पता कर सकते हैं।
मिलावटी गुड़ की पहचान के तरीके।
Jaggery Purity Test: गुड़ भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है और ये लगभग सभी घरों में आसानी से मिल जाता है। गुड़ अगर शुद्ध है तो इसके फायदे बेजोड़ होते हैं। खून बढ़ाने से लेकर बॉडी को गर्म रखने तक में गुड़ का कोई सानी नहीं है। बाजार में गुड़ की बढ़ती मांग के बीच अब मिलावटी गुड़ भी धड़ल्ले से बिकने लगा है। लोग शुद्ध गुड़ समझकर मिलावट से भरा गुड़ खरीदकर ले आते हैं।
बता दें कि मिलावटी गुड़ खान से पाचन संबंधी समस्या, त्वचा पर रैशेज, गैस और एसिडिटी जैसी परेशानियां हो सकती हैं। आप अगर शुद्ध गुड़ खरीदना चाहते हैं तो कुछ तरीकों से प्योर और मिलावटी गुड़ के बीच अंतर आसानी से पहचान सकते हैं।
गुड़ की शुद्धता की पहचान के तरीके
रंग देखकर पहचानें: गुड़ का रंग देखकर आप उसकी शुद्धता का अंदाजा लगा सकते हैं। शुद्ध गुड़ का रंग हल्का भूरा या गहरा सुनहरा होता है। गुड़ अगर बहुत ज्यादा चमकदार पीला या डार्क ब्राउन दिखे, तो उसमें मिलावट हो सकती है।
स्वाद से करें पहचान: गुड़ चखकर उसकी शुद्धता की पहचान का तरीका सदियों पुराना और पारंपरिक है। असली गुड़ का स्वाद हल्का मीठा और नेचुरल होता है। वहीं नकली गुड़ जीभ पर कसैला या तीखा स्वाद छोड़ता है।
पानी टेस्ट करें: गुड़ में मिलावट की पहचान पानी के टेस्ट से भी की जा सकती है। इसके लिए एक गिलास पानी में थोड़ा सा गुड़ डालकर देखें। शुद्ध गुड़ नीचे बैठ जाएगा और धीरे-धीरे घुलेगा, जबकि नकली गुड़ तुरंत घुलकर पानी को गंदा और रंगीन बना देगा।
गंध से फर्क समझें: गुड़ की स्मैल से भी आप असली या मिलावटी गुड़ में अंतर समझ सकते हैं। असली गुड़ से हल्की-सी गन्ने की खुशबू आती है। वहीं अगर गुड़ से केमिकल या आर्टिफिशियल स्मैल जैसी महसूस हो तो वह मिलावटी हो सकता है।
बनावट देखें: गुड़ की बनावट को गौर से देखकर भी बहुत कुछ शुद्धता का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्योर गुड़ थोड़ा नरम और आसानी से टूटने वाला होता है। जबकि नकली गुड़ बहुत ज्यादा कड़ा होता है और हथौड़ी जैसी ताकत से ही टूट पाता है।
(कीर्ति)