Monsoon Tips: बारिश में कीट-पतंगों ने कर दिया है परेशान? 5 घरेलू तरीकों से दूर होगी समस्या
Monsoon Tips: बारिश के सीजन में घर में कीट पतंगों का आना एक आम समस्या है। इस परेशानी से कुछ ट्रिक्स की मदद से निपटा जा सकता है।
बारिश में कीट-पतंगों से बचाव के टिप्स।
Monsoon Tips: मानसून आते ही जहां एक ओर मौसम सुहाना हो जाता है, वहीं दूसरी ओर घरों में कीट-पतंगों की भरमार बढ़ जाती है। मच्छर, चींटियां, कॉकरोच और मक्खियां न सिर्फ परेशानी का सबब बनते हैं बल्कि कई बार बीमारियों का कारण भी बनते हैं। गीले और नम माहौल में इनका पनपना आसान हो जाता है, जिससे साफ-सफाई के बावजूद घर सुरक्षित नहीं रह पाता।
लोग बाजार से केमिकल युक्त स्प्रे या दवाएं लाकर कीटों को भगाने की कोशिश करते हैं, लेकिन ये उपाय हमेशा कारगर नहीं होते और कई बार स्वास्थ्य को नुकसान भी पहुंचाते हैं। ऐसे में घरेलू और प्राकृतिक उपाय अधिक असरदार साबित हो सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान और असरदार घरेलू तरीके जो मानसून में कीटों से आपके घर को बचा सकते हैं।
1. नीम का धुआं करें
नीम एक नेचुरल कीटनाशक है। सूखी नीम की पत्तियों को जलाकर उसका धुआं पूरे घर में फैलाएं। इसका धुआं मच्छरों और अन्य कीड़ों को दूर भगाने में मदद करता है। नीम का धुआं न सिर्फ कीड़ों को मारता है बल्कि उन्हें दोबारा आने से भी रोकता है।
2. कपूर और लौंग का प्रयोग
कपूर और लौंग दोनों में कीट भगाने के गुण होते हैं। एक कटोरी में कपूर और कुछ लौंग डालकर घर के कोनों में रखें या जलाएं। इसकी खुशबू से मच्छर और कॉकरोच भागते हैं। यह उपाय खासतौर पर बंद जगहों के लिए बेहद कारगर है।
3. बेकिंग सोडा और चीनी का मिश्रण
चींटियों को भगाने के लिए बेकिंग सोडा और चीनी को बराबर मात्रा में मिलाकर घर के कोनों में छिड़क दें। चीनी की खुशबू से चींटियां आकर्षित होती हैं और बेकिंग सोडा उनके शरीर में जाकर असर करता है। यह तरीका पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है।
4. नींबू और नमक का पेस्ट
कॉकरोच को भगाने के लिए नींबू का रस और नमक मिलाकर एक पेस्ट तैयार करें और उसे रसोई या बाथरूम के किनारों पर लगाएं। इसकी तेज महक से कीड़े भाग जाते हैं और घर साफ भी रहता है। यह पेस्ट पूरी तरह प्राकृतिक होता है।
5. लैवेंडर ऑयल का स्प्रे
लैवेंडर ऑयल की खुशबू कीड़ों के लिए असहनीय होती है। पानी में कुछ बूंद लैवेंडर ऑयल डालकर घर के दरवाजों और खिड़कियों पर स्प्रे करें। इससे मच्छर, मक्खियां और अन्य कीट घर में प्रवेश नहीं करते। यह उपाय बच्चों और पालतू जानवरों के लिए भी सुरक्षित है।