Freckles Remedies: चेहरे की झाइयों ने कम उम्र में ही बना दिया बूढ़ा! 5 घरेलू उपाय अपनाएं, पुरानी रंगत लौटेगी
Freckles Remedies: चेहरे की झाइयों से खूबसूरती में कमी आने लगती है। झाइयां उम्र से पहले बूढ़ा महसूस कराने लगती हैं। इन्हें दूर करने में कुछ घरेलू उपाय कारगर हो सकते हैं।
चेहरे की झाइयां दूर करने के आसान घरेलू उपाय।
Freckles Remedies: गर्मियों की चटक धूप और बढ़ती गर्मी न सिर्फ शरीर को थका देती है, बल्कि चेहरे की त्वचा पर भी असर छोड़ती है। खासकर झाइयों की समस्या इस मौसम में तेजी से बढ़ जाती है। धूप में निकलते ही चेहरे पर भूरे और काले धब्बे उभरने लगते हैं, जो त्वचा की खूबसूरती को फीका कर देते हैं।
महंगे क्रीम और ट्रीटमेंट के बजाय अगर घरेलू उपाय अपनाए जाएं, तो न सिर्फ झाइयों से राहत मिलती है, बल्कि स्किन कोमल और दमकती भी रहती है। रसोई में मौजूद कुछ साधारण चीज़ें जैसे नींबू, बेसन, आलू या हल्दी झाइयों से लड़ने में बेहद असरदार साबित हो सकती हैं। बस जरूरी है सही तरीके और नियमितता से इन्हें इस्तेमाल करने की।
5 घरेलू उपाय दिखाएंगे असर
आलू का रस
आलू में मौजूद एंजाइम त्वचा को हल्का करने में मदद करते हैं। एक कच्चे आलू को काटकर उसके टुकड़े को सीधे झाइयों पर रगड़ें या उसका रस निकालकर कॉटन की मदद से चेहरे पर लगाएं। 10-15 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। इसे रोजाना दो बार इस्तेमाल करें।
नींबू और शहद का पैक
नींबू में नैचुरल ब्लीचिंग गुण होते हैं और शहद त्वचा को मॉइश्चर देता है। एक चम्मच नींबू के रस में आधा चम्मच शहद मिलाकर झाइयों पर लगाएं। 15 मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। हफ्ते में 3–4 बार इसका इस्तेमाल असर दिखाता है।
एलोवेरा जेल
एलोवेरा स्किन को शांत करने और झाइयों को कम करने में बेहद प्रभावी होता है। ताजे एलोवेरा पत्ते से जेल निकालकर रोजाना रात को सोने से पहले चेहरे पर लगाएं और सुबह धो लें। यह त्वचा की मरम्मत करता है और रंगत को निखारता है।
बेसन और दही का फेसपैक
एक चम्मच बेसन में आधा चम्मच दही मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे चेहरे पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर हल्के हाथों से रगड़ते हुए धो लें। ये पैक झाइयों के साथ-साथ टैनिंग को भी कम करता है और त्वचा को चमकदार बनाता है।
हल्दी और दूध का इस्तेमाल
हल्दी एंटीसेप्टिक होती है और दूध स्किन को नरम बनाता है। एक चुटकी हल्दी में एक चम्मच कच्चा दूध मिलाकर झाइयों पर लगाएं। 15 मिनट बाद धो लें। रोजाना इस्तेमाल से त्वचा का रंग साफ होता है और झाइयां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं।
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)