Arthritis Symptoms: 5 संकेत कहीं अर्थराइटिस की शुरुआत तो नहीं? वक्त रहते कर लें बीमारी की पहचान

Arthritis Symptoms: अर्थराइटिस जोड़ों से जुड़ी एक बेहद गंभीर बीमारी है। इस डिजीज को शुरुआत में ही पकड़कर इसे बढ़ने से रोका जा सकता है।

Updated On 2025-09-28 11:50:00 IST

अर्थराइटिस की बीमारी के शुरुआती संकेत।

Arthritis Symptoms: अर्थराइटिस एक ऐसी डिजीज है जो अक्सर बढ़ती उम्र के साथ देखने को मिलती है, लेकिन आजकल यह युवा लोगों को भी प्रभावित कर रही है। यह एक जोड़ों से जुड़ी बीमारी है जिसमें दर्द, अकड़न और सूजन जैसे लक्षण धीरे-धीरे बढ़ते जाते हैं। अगर समय रहते इसके शुरुआती संकेत पहचान लिए जाएं तो इस बीमारी को कंट्रोल करना आसान हो जाता है।

शरीर के जोड़ों में दर्द या हल्की अकड़न को अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लक्षण आगे चलकर गंभीर रूप ले सकते हैं। इसलिए अर्थराइटिस के शुरुआती संकेतों को समझना बेहद जरूरी है।

अर्थराइटिस के शुरुआती 5 संकेत

जोड़ों में दर्द: अर्थराइटिस का सबसे पहला और आम संकेत है जोड़ों में दर्द। शुरुआत में यह दर्द हल्का होता है और खासकर ज्यादा काम करने या लंबे समय तक खड़े रहने पर महसूस होता है। धीरे-धीरे यह दर्द बढ़ने लगता है और आराम करने पर भी महसूस होता है। अगर यह दर्द लगातार बना रहे तो इसे हल्के में न लें।

जोड़ों में सूजन: अगर आपके हाथ, पैर, घुटने या अन्य जोड़ों में सूजन आ रही है तो यह अर्थराइटिस का शुरुआती लक्षण हो सकता है। सूजन के साथ हल्की गर्माहट और लालिमा भी दिखाई दे सकती है। यह स्थिति जोड़ों की अंदरूनी परत में इंफ्लेमेशन होने की वजह से होती है। समय रहते इलाज न हो तो सूजन स्थायी भी हो सकती है।

सुबह उठने पर अकड़न: सुबह उठते समय शरीर में अकड़न होना भी अर्थराइटिस का संकेत हो सकता है। अकड़न आमतौर पर आधे घंटे से ज्यादा समय तक बनी रहती है और हाथ-पैर हिलाने में परेशानी महसूस होती है। अगर सुबह-सुबह जोड़ों को सामान्य करने में ज्यादा वक्त लग रहा है तो इसे नजरअंदाज न करें।

चलने-फिरने में मुश्किल: अर्थराइटिस के शुरुआती चरण में लोग चलते समय असुविधा महसूस करने लगते हैं। घुटनों में दर्द और अकड़न की वजह से सीढ़ियां चढ़ना-उतरना मुश्किल हो जाता है। कई बार यह तकलीफ इतनी बढ़ जाती है कि रोजमर्रा की गतिविधियों को करना भी चुनौतीपूर्ण लगने लगता है। यह लक्षण अक्सर घुटनों और कूल्हों में दिखाई देता है।

जोड़ों से आवाज आना: अगर आपके जोड़ों से बार-बार खटखट या चरमराहट जैसी आवाज आने लगे तो यह भी अर्थराइटिस का शुरुआती संकेत है। यह आवाज हड्डियों के बीच मौजूद कार्टिलेज के घिसने की वजह से आती है। शुरुआत में यह आवाज हल्की होती है लेकिन धीरे-धीरे दर्द और असहजता के साथ बढ़ सकती है।

(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

(लेखक:कीर्ति)

Tags:    

Similar News