Grapes Buying Tips: अंगूर खट्टे निकल जाते हैं? इन ट्रिक्स से करें खरीदी, मिलेगी भरपूर मिठास

Grapes Buying Tips: अंगूर शौक से खरीदकर लाएं लेकिन खट्टे निकल जाएं तो निराश होना लाजिमी है। हालांकि कुछ ट्रिक्स अपनाकर आप मिठास से भरपूर अंगूर घर ला सकते हैं।

Updated On 2026-01-21 12:19:00 IST

अंगूर खरीदते वक्त ध्यान रखने वाली बातें।

Grapes Buying Tips: बाजार से अंगूर लाते वक्त यही उम्मीद होती है कि दाने मीठे और रसीले होंगे, लेकिन कई बार घर पहुंचते ही इनका स्वाद उम्मीदों पर पानी फेर देता है। कई बार अंगूर खट्टे निकल जाते हैं, जिससे पूरा मूड खराब हो जाता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए खरीदे गए अंगूर अगर खट्टे हों, तो उन्हें खाना मुश्किल हो जाता है।

दरअसल, अंगूर की मिठास केवल किस्म पर नहीं, बल्कि सही पहचान और खरीदारी के तरीके पर भी निर्भर करती है। अगर आप थोड़ी सी समझदारी और सही ट्रिक्स अपनाएं, तो बाजार से हर बार मीठे, रसीले और ताजे अंगूर खरीद सकते हैं। आइए जानते हैं अंगूर खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें।

अंगूर खरीदते वक्त इन बातों का रखें ख्याल

अंगूर के रंग पर जरूर दें ध्यान: मीठे अंगूर की पहचान उसके रंग से की जा सकती है। हरे अंगूर हल्के पीले या सुनहरे रंग के हों, तो वे आमतौर पर ज्यादा मीठे होते हैं। बहुत ज्यादा हरे या फीके रंग वाले अंगूर अक्सर कच्चे और खट्टे निकलते हैं। वहीं काले अंगूर गहरे बैंगनी या काले रंग के हों तो मिठास ज्यादा होती है।

डंठल (डंठी) देखें, यही बताती है ताजगी: अंगूर का डंठल अगर हरा और मजबूत हो, तो समझिए अंगूर ताजे हैं। सूखा या भूरा डंठल इस बात का संकेत है कि अंगूर पुराने हैं और स्वाद में खट्टे या बेस्वाद हो सकते हैं।

दानों पर सफेद परत से न डरें: अक्सर लोग अंगूर के ऊपर दिखने वाली सफेद पाउडर जैसी परत देखकर उन्हें खराब समझ लेते हैं, जबकि यह प्राकृतिक वैक्स होती है। यह परत अंगूर की ताजगी और मिठास का संकेत मानी जाती है।

दाने हों कसे हुए और भरावदार: मीठे अंगूर के दाने हमेशा कसे हुए, भरे हुए और हल्के दबाव में भी मजबूत महसूस होते हैं। अगर दाने सिकुड़े हुए या नरम हों, तो ऐसे अंगूर खट्टे निकल सकते हैं।

खुशबू से करें पहचान: ताजे और मीठे अंगूर में हल्की-सी मीठी खुशबू आती है। अगर अंगूर से खट्टी या अजीब गंध आ रही हो, तो उन्हें खरीदने से बचें।

मौसम और जगह का रखें ध्यान: अंगूर का सही सीजन सर्दियों का माना जाता है। सीजन के बाहर मिलने वाले अंगूर अक्सर खट्टे या कम मीठे होते हैं। साथ ही स्थानीय और ताजे अंगूर ज्यादा स्वादिष्ट होते हैं।

चखने का मौका मिले तो जरूर लें: अगर दुकानदार टेस्ट करने दे, तो एक-दो दाने चखकर जरूर देखें। यह सबसे आसान और भरोसेमंद तरीका है मीठे अंगूर पहचानने का।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News