चलती बस में लगी आग, 5 यात्री जिंदा जले: बिहार से दिल्ली जा रही बस लखनऊ में दुर्घटनाग्रस्त; मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
Lucknow Bus Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार (15 मई) सुबह चलती बस में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि मां बेटी और पिता बेटी सहित 5 यात्री जिंदा जल गए। बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा स्लीपर बस सुबह 5 बजे मोहनलालगंज के पास किसान पथ पर दुर्घटना का शिकार हुई है। इसमें 80 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस छोड़कर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, घटना के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। तभी अचानक बस में धुआं भर गया। नींद खुली तो चीख पुकार मच गई। इमरजेंसी गेट बंद था, जिस कारण बाहर निकलने में काफी समय लग गया और महिलाओं-बच्चों समेत 5 यात्री जिंदा जल गए। कई बुरी तरह से झुलस गए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस हादसे में इनकी हुई मौत
पुलिस ने मृतकों की पहचान बिहार निवासी लख्खी देवी (55) पत्नी अशोक मेहता और उनकी बेटी सोनी (26), देवराज (3) पुत्र रामलाल और उनकी बेटी साक्षी (2) के तौर पर की है। एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई।
डीसीपी बोले-अन्य यात्रियों को घर भेज रहे
लखनऊ साउथ डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि मोहनलालगंज थाने को सुबह सूचना मिली कि बेगूसराय, बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में आग लग गई है। इसमें बिहार के पांच लोगों की मौत हो गई। जिन यात्रियों को बचा लिया गया है, उन्हें उनके घर भेजा जा रहा है। बस में करीब 70 से लोग सवार थे। मृतकों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं।