Cervical Pain Relief Tips: एक्सरसाइज करने से मिलेगी सर्वाइकल पेन से राहत, जानें एक्सपर्ट की सलाह

Cervical Pain Tips: लंबे समय तक कंप्यूटर या लैपटॉप के साथ काम करने वालों को सर्वाइकल की समस्या सबसे ज्यादा हो रही है, इससे बचने के लिए एक्सरसाइज शुरू करनी चाहिए। आइए जानते हैं सीनियर फिजिशियन की सलाह।

Updated On 2024-07-06 18:26:00 IST
Cervical Pain Relief

Cervical Pain Relief Tips: लंबे समय तक कंप्यूटर या लैपटॉप के साथ काम करने वालों को सर्वाइकल की समस्या सबसे ज्यादा हो रही है, इससे बचने के लिए एक्सरसाइज शुरू करनी चाहिए। आइए जानते हैं सीनियर फिजिशियन की सलाह।

सवाल: मेरी उम्र 44 वर्ष है। पिछले कुछ हफ्तों से मेरी गर्दन के पिछले हिस्से में दर्द है। कभी-कभी खड़े होने पर आंखों के आगे अंधेरा छा जाता है। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत तो नहीं? मुझे क्या करना चाहिए?
नीरज, रोहतक

जवाब: आपने यह नहीं बताया कि आपका प्रोफेशन क्या है, क्या आप लंबे समय तक कंप्यूटर या लैपटॉप के साथ काम करते हैं। मौजूदा समय तमाम लोगों को सर्वाइकल की समस्या हो रही है, इसकी मुख्य वजह लंबे समय तक एक ही पोजिशन में बैठना है। अगर ऐसा कुछ है तो आपको सबसे पहले एक्सरसाइज शुरू करनी चाहिए, इसके लिए फिजियोथेरेपिस्ट से संपर्क करें और सर्वाइकल की एक्सरसाइज सीखकर उसकी प्रैक्टिस शुरू कर दें, जिससे आपको स्थायी रूप इस दर्द से राहत मिल सकती है।

सवाल: मेरी उम्र 31 वर्ष है। मुझे कुछ खाने का मन नहीं होता है। भूख महसूस नहीं होती है, कई घंटे कुछ ना खाने पर भी पेट भरा लगता है। कृपया इस समस्या का उपचार बताएं। 
अनुज, धमतरी 

जवाब: आप बता रहे हैं कि आपको भूख नहीं लगती, इसका सामान्य कारण पाचन क्रिया प्रभावित होना होता है, जिससे खाया गया खाना डाइजेस्ट नहीं होता है। इस वजह से आपको भूख नहीं लगती है। आप सबसे पहले खान-पान में थोड़ा परिवर्तन करें। तला, भुना खाना बंद कर दें। इसके अलावा दोपहर के खाने में सलाद, दही और पपीता खाएं। रात में हल्का खाना खाएं और सोने से तीन घंटे पहले खाना खा लें। इस तरह थोड़ा परिवर्तन करके देखें, अगर आराम मिलता है तो ठीक है नहीं तो आप एक बार फिजिशियन डॉक्टर से संपर्क करें।

सवाल: मेरी उम्र 25 वर्ष है। कभी-कभी मेरे सिर के दाहिनी तरफ तेज दर्द होने लगता है। धूप में निकलने पर या गर्मी में यह प्रॉब्लम अधिक होती है। कृपया इस प्रॉब्लम का सॉल्यूशन बताएं।
राजन, रायपुर

जवाब: आपकी समस्या सुनकर ऐसा लग रहा है कि आपको माइग्रेन हो सकता है। माइग्रेन में ऐसे ही लक्षण देखे जाते हैं। तेज धूप में निकलने पर सिर दर्द हो जाता है। यह दर्द एक ओर होता है। इससे बचाव का एक ही तरीका है कि आप उन स्थितियों से बचें, जिससे आपका सिर दर्द शुरू होता है। आप डॉक्टर से संपर्क करें और कोई मेडिसिन लिखवा ले और तेज दर्द होने पर उसे खा लिया करें।

सवाल: मेरी उम्र 58 वर्ष है। अकसर छोटी-छोटी बातों को लेकर मैं चिंतित और तनावग्रस्त हो जाता हूं। टेंशन की वजह से कई बार मेरा ब्लड-प्रेशर भी बढ़ जाता है। कुछ ऐसा उपाय बताएं, जिससे मैं चिंता और तनाव पर नियंत्रण रख सकूं।
सदानंद, भोपाल

जवाब: इसका सबसे बेहतर तरीका है कि उन चीजों का समाधान करें, जिससे तनाव होता है। साथ ही आप सुबह-शाम आस-पास के पार्क में सैर और योग करें, इससे तनाव कम करने में मदद मिलेगी। अगर ब्लड प्रेशर ज्यादा बढ़ रहा है तो जरूर आप चिकित्सक से संपर्क कर कोई दवा लिखवा लें और उसे नियमित ले सकते हैं।

सवाल: मेरी उम्र 28 वर्ष है। मेरे फेस पर अकसर कील-मुंहासे निकल आते हैं। कई क्रीम यूज कर चुका हूं। लेकिन उनसे कोई खास फायदा नहीं हुआ। इनसे छुटकारा पाने के लिए मुझे क्या करना चाहिए?
चेतन, डोंगरगढ़

जवाब: इस समस्या के लिए बाजार में उपलब्ध तरह-तरह के क्रीम लगाकर आप एक्सपेरिमेंट ना करें। इससे समस्या कम होने के बजाय और बढ़ सकती है। बेहतर होगा कि आप एक बार त्वचा रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। आपको वे कोई मेडिसिनल क्रीम एडवाइस करेंगे, जिनका नियमित रूप में इस्तेमाल करें। इससे आपको राहत मिलेगी।

सवाल: मेरी उम्र 36 वर्ष है। मैं फील्ड-जॉब करता हूं। धूप में लगातार बाहर रहने की वजह से मेरी स्किन टैन हो जाती है। कृपया बताएं कि टैनिंग और सन-बर्न से कैसे बचा जाए?
मंजीत, बिलासपुर

जवाब: टैनिंग से बचने के लिए आप कोशिश करें कि कम से कम धूप में निकलें। अगर धूप में निकलना अनिवार्य है तो त्वचा का एक्सपोजर कम से कम हो, इसके लिए हाथ पैर ढंक कर रखें। साथ ही सनस्क्रीन लगा सकते हैं। इसके लिए आप त्वचा रोग विशेषज्ञ से कंसल्ट कर लें। बाजार में मिलने वाली कोई भी सनस्क्रीन लोशन ना लगाएं।

[यह जानकारी डॉ. आर. पी. सिंह सीनियर फिजिशियन, एनसीआर से बातचीत पर आधारित है।]

प्रस्तुति: रिचा पांडे
 

Similar News