Saroja Devi Death: कौन थीं दिग्गज अदाकारा सरोजा देवी? रजनीकांत, कमल हासन समेत सितारों ने दी श्रद्धांजलि
साउथय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रजनीकांत, पवन कल्याण, प्रभुदेवा समेत कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर कई सितारों ने श्रद्धांजलि दी।
Saroja Devi Death: भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और दक्षिण भारत की सुपरस्टार बी. सरोजा देवी का सोमवार को निधन हो गया। वे 87 वर्ष की थीं और उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है।
कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में 4 दशकों तक अपनी अदाएगी का लोहा मनवा चुंकीं सरोजा देवी को उनके बेहतरीन अभिनय और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए जाना जाता है। उन्होंने लगभग 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अमिट छाप छोड़ी।
अपने फिल्मी करियर में सरोजा देवी ने शिवाजी गणेशन, एन.टी. रामाराव, राजकुमार और शम्मी कपूर जैसे दिग्गजों के साथ काम किया और भारतीय सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हस्तियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने एक प्रेस विज्ञप्ति में गहरा शोक व्यक्त किया। अभिनेता और राजनेता नंदमुरी बालकृष्ण ने भी श्रद्धांजलि दी। एक्टर कमल हासन ने सरोजा देवी को याद कर भावुक पोस्ट लिखा।सुपरस्टार रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- "लाखों प्रशंसकों का दिल जीतने वाली महान अभिनेत्री सरोजा देवी अब हमारे बीच नहीं रहीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।"
प्रभुदेवा ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए लिखा, “उनकी गरिमा और विरासत सदा अमर रहेगी।”
एक युग का अंत
बी. सरोजा देवी को सिनेमा जगत में 'अभिनय सरस्वती' कहा जाता था। उनकी फिल्में न केवल कमर्शियल रूप से सफल रहीं, बल्कि उन्होंने सामाजिक और पौराणिक भूमिकाओं को भी मजबूती से निभाया। भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण और पद्म श्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाज़ा था।