संजय कपूर की वसीयत में कई बड़ी गलतियां: करिश्मा के बच्चों के नाम-पता गलत लिखे, सौतेली मां पर जायदाद हड़पने का आरोप
बिजनेसमैन संजय कपूर की वसीयत को लेकर हाईकोर्ट में विवाद खड़ा हो गया है। करिश्मा कपूर के बच्चों ने दावा किया है कि वसीयत में कई बड़ी गलतियां हैं और इसे जाली तरीके से बनाया गया है।
संजय कपूर की प्रॉपर्टी में करिश्मा (संजय की पूर्व पत्नी) के बच्चों ने हिस्सा मांगा है।
sunjay kapur property dispute: दिवंगत बिज़नेसमैन संजय कपूर की वसीयत को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में विवाद तेज हो गया है। एक्ट्रेस करिश्मा कपूर (संजय की पूर्व पत्नी) के बच्चों- समायरा और कियान, ने वसीयत की वैधता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सौतेली मां प्रिया सचदेव द्वारा जारी की गई वसीयत को झूठी और जाली बताया है, साथ ही कई बड़ी गलतियां सामने रखी हैं।
वसीयत में हेरफेर और गलतियां
करिश्मा के बच्चों के वकील महेश जेठमलानी ने अदालत में बताया कि संजय कपूर की वसीयत में कई चौंकाने वाली गलतियां हैं, जो किसी भी सामान्य व्यक्ति को शक में डाल सकती हैं। वसीयत में संजय और प्रिया कपूर के 6 साल के बेटे अज़रायस का नाम 5 बार गलत लिखा गया। करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों- समायरा और कियान, का गलत पता लिखा गया है, जिसमें उनके घर की जगह ऑफिस का पता वसीयत में दिया गया है।
संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव की पहली शादी से बेटी सफीरा का नाम भी वसीयत में शामिल किया गया है, जबकि उसे संजय ने कभी गोद नहीं लिया और उसका पिता अभी जीवित है।
जाली वसीयत बनाने के आरोप
वकील ने कोर्ट में दलील दी कि यह वसीयत "संदेहास्पद परिस्थितियों" में तैयार की गई है। उन्होंने कहा,
"इस वसीयत में हर वो गलती है जिसे सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी संदिग्ध बताया है। न कोई वकील इसे लिखने वाला, न विश्वसनीय गवाह… यहां तक कि गवाह को इनाम स्वरूप एक बड़ी कंपनी में डायरेक्टर भी बना दिया गया।"
करिश्मा के बच्चों की ओर से दलील दी गई है कि संजय कपूर की वसीयत फर्जी तरीके से बनाई गई है और इसमें उनकी सौतेली मां प्रिया सचदेव का हाथ है। वकील ने कहा, "ऐसी वसीयत संजय कपूर कभी नहीं बना सकते। यह वसीयत उनके व्यक्तित्व को ठेस पहुंचाती है। इतनी सारी गलतियां यह साबित करती हैं कि यह दस्तावेज़ असली नहीं है।"
संजय कपूर की मौत और 30 हजार करोड़ की संपत्ति पर विवाद
12 जून 2025 को संजय कपूर का यूके में निधन हुआ था। उनकी संदिग्ध मौत पर भी सवाल खड़े हैं। उनके निधन के बाद उनकी 30 हजार करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद खड़ा हुआ। संजय की मां ने दावा किया कि प्रिया सचदेव ने गैरकानूनी ढंग से पूरी संपत्ति पर कब्जा कर लिया और उन्हें संपत्ति से अलग कर दिया है।
अब इस संपत्ति में करिश्मा-संजय के बच्चों ने अपना हिस्सा मांगा है।