Rohit Shetty Firing case: रोहित शेट्टी को खत्म करना चाहता था आरोपी! लॉरेंस गैंग के आदमी ने करवाई फायरिंग, FIR में बड़ा खुलासा
1 फरवरी को फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर देर रात फायरिंग की घटना हुई। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिनके खिलाफ कई बड़े सनसनीखेज खुलासे हुए हैं।
1 फरवरी 2026 को फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर 5 राउंड फायरिंग की घटना सामने आई।
Rohit Shetty Firing case: मुंबई के जुहू इलाके में रहने वाले मशहूर फिल्म निर्देशक-निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर 1 फरवरी की देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। गनीमत रही कि इस हमले में रोहित शेट्टी पूरी तरह सुरक्षित रहे। इस मामले में दर्ज शिकायत में सुरक्षा गार्ड ने दावा किया है कि हमलावर ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई थीं।
इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शुभन लोनकर का नाम सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
FIR में कई खुलासे
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि घटना 1 फरवरी 2026 की रात करीब 12:45 बजे हुई। उस वक्त रोहित शेट्टी जुहू स्थित अपने आवास शेट्टी टावर्स की सातवीं मंजिल पर मौजूद थे। इमारत की लॉबी में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड CCTV मॉनिटर के पास बैठा था। उसके साथ बॉडीगार्ड वाहीद मलिक भी मौजूद थे।
CCTV में कैद हुई फायरिंग
शिकायतकर्ता के अनुसार, अचानक उसे पटाखों जैसी आवाज़ सुनाई दी। शक होने पर उसने तुरंत सीसीटीवी स्क्रीन देखी, जहां एक अज्ञात व्यक्ति काली जैकेट और सफेद पैंट पहने हुए शेट्टी टावर्स की कंपाउंड वॉल के पास, रोड नंबर 10 की ओर खड़ा नजर आया। वह व्यक्ति पिस्टल जैसे हथियार से इमारत की दिशा में फायरिंग कर रहा था।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि हमलावर ने कुल पांच राउंड फायर किए। फायरिंग के तुरंत बाद वाहीद मलिक और गेट पर तैनात दूसरे सुरक्षा गार्ड सत्यम पाठक बाहर की ओर दौड़े, जहां उन्होंने उसी आरोपी को भागते हुए देखा।
हत्या की नीयत का आरोप
घटना के बाद सुरक्षा गार्ड ने फोन पर पुलिस कांस्टेबल आशीष राणे को जानकारी दी। इसके बाद राणे मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। जुहू पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और बाद में शिकायतकर्ता थाने जाकर ऑफिशियल शिकायत दर्ज कराने पहुंचा।
शिकायत में सुरक्षा गार्ड ने साफ तौर पर कहा कि उसे पूरा विश्वास है कि अज्ञात शख्स ने रोहित शेट्टी को मारने की नीयत से उनके घर की ओर गोलियां चलाईं। शिकायत में यह भी दर्ज है कि बयान मराठी भाषा में कंप्यूटर पर टाइप किया गया, जिसे शिकायतकर्ता को पढ़कर सुनाया गया और उसने इसे सही बताया।
शुभम लोनकर का नाम आया सामने
मुंबई पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर जिस स्कूटर से रोहित शेट्टी के घर के पास पहुंचा था, वह पुणे के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस स्कूटर को कुछ दिन पहले आरोपी आदित्य गायकवाड़ ने 30 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस का कहना है कि वाहन खरीदने और मुंबई लाने से जुड़ी सारी गतिविधियां गैंगस्टर शुभम लोनकर दे रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाद में शुभम लोनकर ने ही शूटर को स्कूटर उठाने और फायरिंग करने के निर्देश दिए।