Dhurandhar Trending #1 Netflix: पाकिस्तानियों की पहली पसंद बनी 'धुरंधर', OTT पर आते ही घर-घर देखी जा रही फिल्म
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही जबरदस्त ट्रेंड कर रही है। भारत के साथ-साथ ये फिल्म पाकिस्तान में भी नंबर 1 ट्रेंड कर रही है। पाक दर्शकों में इसको लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
'धुरंधर' नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही तेजी से ट्रेंड कर रही है।
Dhurandhar Trending #1 Netflix: 2025 की सबसे ज़्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्मों में शुमार 'धुरंधर' एक बार फिर सुर्खियों में है। दिसंबर में रिलीज़ के बाद जहां इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं अब ओटीटी पर भी इसका जलवा देखने को मिल रहा है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 30 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई और कुछ ही दिनों में ट्रेंड करने लगी। इतनी ही नहीं, फिल्म को पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से भरपूर सपोर्ट मिल रहा है।
पाकिस्तान में भी नंबर 1 पर ‘धुरंधर’
2024 में पहलगाम हमले के बाद से ही पाकिस्तानी में हिंदी फिल्मों की रिलीज और कलाकारों पर बैन लगा है। इसके चलते रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर' पाकिस्तान में थिएटर रिलीज़ के लिए आधिकारिक तौर पर बैन थी। हालांकि जैसे ही फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, ये फिल्म पाकिस्तानियों की पहली पसंद बन गई।
ये फिल्म पाकिस्तान में नंबर 1 ट्रेंड कर रही है। ओटीटी रिलीज़ के बाद पाकिस्तानी दर्शकों ने सोशल मीडिया और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर फिल्म की जमकर तारीफ की है। वहां के दर्शकों ने इस फिल्म को सबसे बेहतरीन बॉलीवुड फिल्मों में से एक बताया है।
भारत में भी ओटीटी पर टॉप पर
भारत में भी धुरंधर ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ के 24 घंटे के भीतर नंबर 1 की पोजिशन हासिल कर ली। इस सफलता पर निर्देशक आदित्य धर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि फिल्म को चाहे बड़े पर्दे पर देखा जाए या घर पर, दर्शकों का प्यार मिलना उनके लिए बेहद संतोषजनक है। उन्होंने थिएटर में फिल्म देखने वालों और अब ओटीटी पर इसे खोजने वाले नए दर्शकों दोनों का आभार जताया।
नेटफ्लिक्स रिलीज़ के बाद कई ऐसे भारतीय दर्शकों ने भी प्रतिक्रिया दी, जो किसी वजह से थिएटर में फिल्म नहीं देख पाए थे और अब इसे घर बैठे देखकर सराहना कर रहे हैं।
सेलेब्स ने भी की तारीफ, पार्ट 2 का इंतज़ार
फिल्म की तारीफ करने वालों में कई सेलेब्रिटीज़ भी शामिल हैं। फिल्ममेकर शेखर कपूर ने सोशल मीडिया पर धुरंधर की स्टोरीटेलिंग और कलाकारों की परफॉर्मेंस की सराहना करते हुए निर्देशक आदित्य धर को बधाई दी और धुरंधर 2 को लेकर उत्सुकता भी जताई।
‘धुरंधर 2’ से बड़ी उम्मीदें
धुरंधर में रणवीर सिंह ने एक भारतीय खुफिया अधिकारी की भूमिका निभाई है, जो पाकिस्तान में एक खतरनाक मिशन पर जाता है और लियारी माफिया से उलझ जाता है। फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए। यह कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जाती है।
अब दर्शकों की निगाहें धुरंधर 2 पर टिकी हैं, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है और यश की फिल्म टॉक्सिक से बॉक्स ऑफिस पर टकराएगी।