O'Romeo new song: शाहिद कपूर-तृप्ति डिमरी पर चढ़ा 'इश्क का फीवर', अरिजीत सिंह की आवाज सुन फैंस ने की ये डिमांड
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की अपकमिंग फिल्म ‘ओ’रोमियो’ का नया गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज होते ही छा गया है। गाने को आवाज दी है हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से सन्यास लेने वाले अरिजीत सिंह ने।
'ओ रोमियो' का नया गाना 'इश्क का फीवर' रिलीज
O'Romeo song Ishq Ka Fever: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ’रोमियो’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी एक्साइटमेंट बनी हुई है। फिल्म के गाने भी इन दिनों खासा चर्चा में हैं। फिल्म के दो गाने- ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ और ‘आशिकों की कॉलोनी’ ने पहले ही पॉपुलैरिटी हासिल कर ली है। इसी बीच फिल्म के एल्बम में अब नया गाना ‘इश्क का फीवर’ जुड़ गया है, जिसने रिलीज़ होते ही फैंस का दिल छू लिया है।
'इश्क का फीवर' में दिखी शाहिद-तृप्ति की केमेस्ट्री
यह गाना शाहिद और तृप्ति पर फिल्माया गया है। गाने की शुरुआत होती है फरीदा जलाल के इंटेंस डायलॉग से जो धीरे-धीरे गहरे प्यार की भावनाओं को उकेरती है। इस गाने को खास बनाता है इसकी दमदार टीम- विशाल भारद्वाज का संगीत, गुलज़ार के भावुक बोल और अरिजीत सिंह की जादुई आवाज़।
‘इश्क का फीवर’ ऐसे वक्त में रिलीज़ हुआ है, जब अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया है, जिससे फैंस पहले से ही भावुक हैं। गाना टी-सीरीज ने प्रस्तुत किया है।
अरिजीत सिंह की आवाज सुन फैंस हुए इमोशनल
गाने के रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर भावनाओं की बाढ़ आ गई। कमेंट सेक्शन में फैंस ने अरिजीत सिंह को मिस करने की बात खुलकर कही। किसी ने लिखा, “अरिजीत सिंह को बहुत मिस करूंगा,” तो किसी ने कहा, “मैं नहीं चाहता कि अरिजीत का दौर कभी खत्म हो।” कई यूज़र्स ने इसे प्लेबैक सिंगर के तौर पर अरिजीत का आखिरी गाना बताते हुए उनसे फैसला बदलने की अपील भी की।
फिल्म की रिलीज़ डेट
‘ओ’रोमियो’ का निर्देशन फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने किया है। साजिद नाडियाडवाला की इसे नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। फिल्म में शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में हैं जो गैंगस्टर उस्तरा का रोल निभाते नजर आएंगे। उनके अलावा, तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी और अविनाश तिवारी जैसे स्टार्स नजर आएंगे। फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।