Dhurandhar 2: 'धुरंधर 2' की शूटिंग में ड्रोन बना मुसीबत! फिल्म की टीम के खिलाफ FIR हुई दर्ज
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की शूटिंग के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने का आरोप लगा है, जिसके बाद टीम पर मुंबई पुलिस में मामला दर्ज हो गया।
'धुरंधर: द रिवेंज' की टीम के खिलाफ मुंबई में एफआईआर दर्ज
Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की मच अवेटेड फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का टीजर रिलीज होते ही छा गया है। हालांकि फिल्म की शूटिंग अभी जारी है और मुंबई की लोकेशन पर इसे शूट किया जा रहा है। इसी बीच इस फिल्म को रिलीज से पहले एक कानूनी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। साउथ मुंबई के हाई-सिक्योरिटी फोर्ट इलाके में कथित तौर पर बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में फिल्म के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बिना मंजूरी ड्रोन उड़ाने का आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि ने फोर्ट इलाके में एरियल शूटिंग के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली थी। इसी आधार पर 1 फरवरी को एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि एक खास सीन की शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
बताते चलें, फोर्ट इलाका प्रशासनिक महत्व और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए जाना जाता है, जहां ड्रोन उड़ाने के लिए कई स्तरों पर अनुमति जरूरी होती है। जानकारी के अनुसार, शूटिंग कई दिनों से चल रही थी और यह कथित उल्लंघन तीसरे दिन सामने आया। 30 जनवरी से इस इलाके को पाकिस्तान की पुरानी, घनी बस्ती जैसी लोकेशन में बदला गया था। 1 फरवरी को शूटिंग में संजय दत्त भी शामिल थे।
'धुरंधर 2' का टीजर रिलीज
इस बीच धुरंधर: द रिवेंज का टीज़र जियो स्टूडियोज़ और बी62 स्टूडियोज़ ने जारी कर दिया है। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
पहली फिल्म धुरंधर, जो 2 दिसंबर को रिलीज हुई थी, ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस पर आधारित थी, जो पाकिस्तान के माफिया नेटवर्क में घुसपैठ कर आने वाले आतंकी अभियानों की जानकारी जुटाता है।