O' Romeo पर कानूनी संकट: गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की बेटी ने शाहिद की फिल्म पर ठोका केस, जानें पूरा मामला
शाहिद कपूर की आने वाली फिल्म 'ओ रोमियो' कानूनी विवादों में घिर गई है। गैंगस्टर हुसैन उस्तारा की बेटी ने इसे अनधिकृत बायोपिक बताते हुए रिलीज पर रोक की मांग की है। जानिए पूरा मामला।
'ओ रोमियो' का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है।
O' Romeo release row: अभिनेता शाहिद कपूर की आगामी फिल्म 'ओ रोमियो' को लेकर बड़ा कानूनी विवाद सामने आया है। कुख्यात गैंगस्टर हुसैन उस्तारा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ मुंबई की एक सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। सनोबर ने मांग की है कि इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगे क्योंकि ये उसके मरहूम पिता की जिंदगी पर आधारित एक 'अनधिकृत बायोपिक' है, जिसमें उनकी जिंदगी को गलत तरीके से दिखाया गया है।
बिना अनुमति बनाई गई फिल्म
दायर की गई याचिका में सनोबर शेख ने फिल्म की रिलीज पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्देशक विशाल भारद्वाज और निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने उनके पिता की कहानी को बिना परिवार की अनुमति के व्यावसायिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया है।
सनोबर की ओर से उनके वकील डी.वी. सरोज ने कोर्ट में दलील दी कि फिल्म में हुसैन उस्तारा को केवल एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया है, जबकि वास्तविक जीवन में उन्होंने कई मामलों में पुलिस की मदद की थी और अपराध रोकने में योगदान दिया था। याचिका में कहा गया है कि फिल्म की रिलीज से सनोबर और उनके बच्चों की सामाजिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है और उन्हें शांतिपूर्ण जीवन जीने का अधिकार है।
फिल्म रिलीज रोकने की मांग की
सनोबर शेख ने कोर्ट से मांग की है कि ओ रोमियो को 13 फरवरी या किसी भी अन्य तारीख पर थिएटर, टीवी या ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज न होने दिया जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 6 फरवरी को होगी।
बताते चलें, फिल्म में शाहिद कपूर हुसैन उस्तारा से प्रेरित किरदार निभाते नजर आएंगे और यह फिल्म पत्रकार-लेखक हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई पर आधारित बताई जा रही है।
पहले भी भेजा गया था लीगल नोटिस
सनोबर ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने पहले भी फिल्म के निर्माताओं को लीगल नोटिस भेजा था, लेकिन जवाब में यह कहा गया कि ओ रोमियो पूरी तरह काल्पनिक कहानी है। हालांकि, सनोबर ने कुछ सबूत भी पेश किए हैं, जिनमें एक पॉडकास्ट इंटरव्यू शामिल है, जहां एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने फिल्म के किरदार को सीधे तौर पर हुसैन उस्तारा से जोड़ा है।
निर्देशक ने पहले भी दिया था जवाब
ट्रेलर लॉन्च के दौरान विशाल भारद्वाज ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि फिल्म माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई किताब पर आधारित है, जिसके अधिकार लिए गए हैं। उनके अनुसार, फिल्म में कई काल्पनिक तत्व जोड़े गए हैं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से परिवार से अनुमति लेने की जरूरत नहीं लगी।
स्टार कास्ट और रिलीज डेट
ओ रोमियो में शाहिद कपूर के अलावा तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन और लेखन विशाल भारद्वाज ने किया है और इसे साजिद नाडियाडवाला की नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रही है।