Dhurandhar 2 First Look: 'धुरंधर 2' की पहली झलक आई सामने, रणवीर सिंह के इंटेस अवतार ने लगाई आग
रणवीर सिंह ने 'धुरंधर: द रिवेंज' से अपना जबरदस्त फर्स्ट लुक शेयर कर दिया है। धुरंधर के दूसरे पार्ट की झलक में रणवीर का इंटेंस और बदले से भरा अवतार देखने को मिला। इसका टीजर जल्द सामने आएगा।
'धुरंधर 2' से रणवीर सिंह का पहला लुक जारी
Dhurandhar 2 First Look: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' की जबरदस्त सफलता के बाद अब इसके सीक्वल 'धुरंधर 2' के साथ लौटने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म का नाम 'धुरंधर: द रिवेंज' है जिससे रणवीर सिंह का पहला लुक सामने आ गया है।
ये फिल्म मार्च 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को दो भागों में शूट किया गया है और हाल ही में धुरंधर के नेटफ्लिक्स प्रीमियर के बाद दर्शकों के बीच रणवीर के किरदार को लेकर जबरदस्त चर्चा है।
रणवीर सिंह का दमदार फर्स्ट लुक
रणवीर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसमें वह बेहद आक्रामक और खतरनाक अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। काले ट्रेंच कोट में, खुले बालों के साथ, बारिश के बीच लाल बैकग्राउंड के सामने खड़े रणवीर का गुस्से से भरा लुक साफ तौर पर फिल्म की रिवेंज थीम की झलक देता है। पोस्टर के साथ उन्होंने लिखा- “अब बिगड़ने का वक्त आ गया है।”
रणवीर के इस फर्स्ट लुक पर इंडस्ट्री से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। शिल्पा शेट्टी, भूमि पेडनेकर और आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप समेत कई सेलेब्स ने कमेंट कर उनके इंटेंस अवतार की तारीफ की।
टीजर की झलक
इस फिल्म का टीजर मंगलवार यानी 3 फरवरी को जारी किया जाएगा। रणवीर ने पोस्टर के साथ इसकी जानकारी देते हुए लिखा- "धुरंधर: द रिवेंज, टीज़र आज दोपहर 12:12 बजे जारी होगा। 19 मार्च 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में विश्व सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।"
धुरंधर 2 में क्या होगा खास?
पहले भाग में रणवीर सिंह का किरदार हमज़ा एक बड़े दुश्मन से टकराता नजर आया था- आईएसआई मास्टरमाइंड मेजर इक़बाल उर्फ़ ‘बड़े साहब’, जिस पर भारत में कई आतंकी हमलों की साजिश रचने का आरोप है। फिल्म में हमज़ा की डीप-कवर पहचान, जसकीरत सिंह रंगी, की कहानी को भी विस्तार से दिखाया गया था।
धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च 2026 को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका सीधा मुकाबला यश और कियारा आडवाणी की फिल्म टॉक्सिक से होगा।
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, आर. माधवन और संजय दत्त भी नजर आएंगे, जो पहले भाग में अपने किरदार निभा चुके हैं।
गौरतलब है कि धुरंधर भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी थी, जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया।