Bernard Hill Death: 'टाइटैनिक' और 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' के अभिनेता बर्नार्ड हिल का निधन, 79 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

मशहूर फिल्म 'टाइटैनिक' (1997) के अभिनेता बर्नार्ड हिल का निधन हो गया है। 5 मई को उन्होंने 79 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका निधन कैसे हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

Updated On 2024-05-06 11:56:00 IST
Barnard Hill

Bernard Hill Death: 1997 में आई हॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'टाइटैनिक' आज भी दर्शकों को खूब पसंद आती है। इस फिल्म में अहम रोल में नजर आ चुके अभिनेता बर्नार्ड हिल (Barnard Hill) का निधन हो गया है। उन्होंने 79 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। 'टाइटैनिक' में उन्होंने कैप्टन एडवर्ड स्मिथ का रोल निभाया था। इसके अलावा वह फिल्म ट्रायोलॉजी 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' में भी अहम भूमिका में थे। 

बर्नार्ड हिल का निधन कैसे हुआ है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। 'बीबीसी' के मुताबिक, एक्टर के एजेंट लो कोल्सन ने अभिनेता की मौत की पुष्टि करते हुए बताया की उनका निधन रविवार, 5 मई की सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि एक्टर को 4 मई को कॉमिक कॉन लिवरपूल में शामिल होना था, लेकिन आखिरी मौके पर इसे कैंसिल करना पड़ा।

बार्बरा डिक्सन ने दी जानकारी
बर्नार्ड हिल के निधन का जानकारी मशहूर स्कॉटिश सिंगर और म्यूजिशियन बार्बरा डिक्सन ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट के जरिए दी है। एक्ट्रेस ने हिल के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की है जिसके साथ इमोशनल नोट में लिखा, 'मुझे ये बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि बर्नार्ड हिल का निधन हो गया है। हमने साल 1974-1975 में विली रसेल के शो 'जॉन पॉल जॉर्ज रिंगो और बर्ट', में साथ काम किया था। वह कमाल के अभिनेता थे। उनसे मिलना और साथ काम करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे बेनी।'

बर्नार्ड की फिल्मों ने जीते ऑस्कर
केट विंसलेट और लियोनार्डो डिकैप्रियो की ऑस्कर विनिंग फिल्म 'टाइटैनिक' (1997) में दिवंगत अभिनेता ने कैप्टन एडवर्ड स्मिथ का रोल निभाया था। इस किरदार के लिए उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी।  2003 में रिलीज हुई 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' में उन्होंने King Theoden की भूमिका निभाई थी। इन दोनों ही फिल्मों ने 11-11 ऑस्कर अवॉर्ड्स जीते थे। मशहूर अभिनेता के निधन की खबर से हर कोई सकते में हैं। फैंस से लेकर तमाम सेलेब्स उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Similar News