Karisma Kapoor: करिश्मा ने Ex पति संजय कपूर के लिए शेयर किया पोस्ट, प्रॉपर्टी विवाद के बीच जानें क्या बोलीं
दिवंगत संजय कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर करिश्मा कपूर ने एक खास तस्वीर शेयर की। करिश्मा के दोनों बच्चों ने पिता को याद कर उनके लिए खास मैसेज दिया।
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर करिश्मा ने शेयर किया पोस्ट
Karisma Kapoor: दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में प्रॉपर्टी विवाद बढ़ चुका है। वसीयत में संजय की पूर्व पत्नी और एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी हक मांगा है। इसी बीच बीते दिन (15 अक्टूबर) उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर करिश्मा कपूर ने अपने बच्चों समीरा और कियान कपूर के साथ संजय को एक भावुक श्रद्धांजलि दी, जिसकी झलक उन्होंने इंस्टाग्राम पर साझा की।
बच्चों ने केक काटकर किया याद
करिश्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक केक की तस्वीर साझा की, जिस पर लिखा था – "हैप्पी बर्थडे डैड"। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक सफेद दिल वाला इमोजी लगाया। यह तस्वीर उनके बच्चों की तरफ से अपने दिवंगत पिता को याद करने का इशारा करती है।
करिश्मा की बहन और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने भी इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-पोस्ट किया। उन्होंने लिखा – "मेरे सामू और कियू का डैड हमेशा और हर पल तुम्हें सुरक्षित रखेगा"
संजय की पत्नी प्रिया सचदेव ने दी श्रद्धांजलि
संजय की पत्नी प्रिया सचदेव, जिन्होंने उनसे करिश्मा से तलाक के बाद शादी की थी, ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने संजय, खुद और बच्चों का एक पुराना वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने भगवद गीता से एक उद्धरण भी जोड़ा।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा – "कुछ आत्माएं जाती नहीं, बस फैल जाती हैं... तुम हर जगह हो, फिर भी यहीं पास हो। जन्मदिन मुबारक हो, जे।"
कौन थे संजय कपूर?
संजय कपूर भारत की जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। उन्होंने 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हुए – बेटी समीरा (2005) और बेटा कियान (2011)।
2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक के लिए अर्जी दी, जिसे 2016 में मंजूरी मिल गई। तलाक के बाद, संजय ने प्रिया सचदेव से विवाह किया और उनके बेटे अजारियास का जन्म हुआ।
संजय कपूर की मौत के बाद अब उनके बच्चों समीरा और कियान ने अपनी सौतेली मां प्रिया सचदेव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। आरोप है कि संजय की वसीयत जाली है और उनकी हिस्सेदारी से बच्चों को वंचित कर दिया गया है।