Bollywood update: एक कार की वजह से फंसे शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण! दोनों के खिलाफ हुई FIR

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है। राजस्थान के एक शख्स ने दोनों स्टार्स पर एफआईआर दर्ज कराई है। जानिए पूरा मामला...

Updated On 2025-08-27 15:37:00 IST

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण पर दर्ज हुई FIR, जानिए पूरा मामला...

Shahrukh Khan Case: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान का स्टारडम दुनियाभर में छाया है। तो वहीं दीपिका पादुकोण संग पर्दे पर उनकी केमेस्ट्री काफी पसंद की जाती है। अब इन दोनों स्टार्स को लेकर एक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, उनपर एफआईआर तक दर्ज की जा चुकी है।  

दरअसल यह मामला एक कार से जुड़ा है जिसका विज्ञापन शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण ने किया था। राजस्थान के एक शख्स ने आरोप लगाया कि शाहरुख और दीपिका ने जिस कार का प्रमोशन किया उसे उन्होंने खरीदी थी लेकिन इसमें गंभीर तकनीकी समस्याएं सामने आईं और खराब हो गई।

क्या है पूरा मामला?

यह शिकायत राजस्थान के भरतपुर निवासी कीर्ति सिंह ने दर्ज कराई है। उन्होंने जून 2022 में हुंडई कंपनी की Alcazar कार खरीदी थी। सिंह ने शिकायत की कि कार कुछ महीनों तक ठीक चली, लेकिन 6–7 महीने बाद उसमें तकनीकी खराबियां आने लगीं। उन्होंने बताया कि कार तेज स्पीड में चलाने पर आवाज करने लगती है और कांपती है। इंजन मैनेजमेंट सिस्टम पर खराबी देखी गई।

जब उन्होंने इसे लेकर डीलरशिप से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि यह मॉडल की मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है और इसे ठीक नहीं किया जा सकता।

ये भी पढ़ें- पहलाज निहलानी का चौंकाने वाला खुलासा: दिव्या भारती ने "बीवी" के सामने कर दिया था कांड

शख्स ने ठोका केस

शिकायतकर्ता ने इस मामले की शिकायत भरतपुर कोर्ट में की। मामले की गंभीरता देखते हुए कोर्ट ने मथुरा गेट पुलिस थाने को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने धारा 420 (धोखाधड़ी) सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहरुख-दीपिका क्यों फंसे?

आपको बताते चलें, शख्स ने जो कार खरीदी थी उस कंपनी के ब्रैंड एंबेसडर शाहरुख खान हैं जो कंपनी के साथ 1998 से जुड़े हैं। वहीं दीपिका पादुकोण दिसंबर 2023 में इसकी ब्रैंड एम्बेसेडर बनी थीं। दोनों स्टार्स ने 2024 में एक साथ इस ब्रैंड का विज्ञापन भी किया था।

गौरतलब है 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया था कि अगर कोई विज्ञापन भ्रामक या गुमराह करने वाला पाया जाता है, तो उसमें शामिल एडवर्टाइजर और ब्रांड एंबेसडर दोनों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।

फिलहाल इस पूरे मामले अब तक शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच की जारी है।

Tags:    

Similar News