Stock Market today: सेंसेक्स में तूफानी तेजी, निफ्टी 1 साल के हाई पर, क्यों भारतीय शेयर बाजार दिवाली से पहले झूमा
Stock Market today: भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी भी 25700 के स्तर को पार कर गया, ये बीते 1 साल का हाई है। हैवीवेट स्टॉक में खरीदी के कारण बाजार में तेजी दिख रही।
Indian stock market today: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को तूफानी तेजी नजर आई।
Stock Market today: शेयर बाजार ने शुक्रवार को शुरुआती गिरावट के बाद जोरदार वापसी की। विदेशी निवेशकों की खरीदारी, दिग्गज शेयरों में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने बाजार को मजबूती दी।
सुबह बाजार कमजोर शुरुआत के साथ खुला। सेंसेक्स 261 अंक गिरकर 83,206.08 पर और निफ्टी 76.7 अंक फिसलकर 25,508 पर पहुंच गया। हालांकि, जल्द ही बाजार ने रफ्तार पकड़ी। सुबह 11 बजे के करीब सेंसेक्स 565 अंक या 0.68 फीसदी की तेजी के साथ 84,032.70 पर पहुंच गया जबकि निफ्टी 153.05 अंक या 0.60 फीसदी चढ़कर 25,738 पर पहुंचा। निफ्टी ने दिन के दौरान 25,755 के उच्च स्तर को छुआ, जो 1 अक्टूबर 2024 के बाद सबसे ऊंचा लेवल है।
निफ्टी पैक में एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, मैक्स हेल्थकेयर और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे शेयरों में 5 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से जोश
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने लगातार दूसरे दिन भारतीय बाजार में खरीदारी जारी रखी। गुरुवार को उन्होंने 997 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 4076.20 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। लगातार हो रही यह खरीदारी बाजार में तरलता और भरोसा बढ़ा रही।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.25 फीसदी फिसलकर 60.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की गिरती कीमतें भारत के लिए राहत लेकर आई हैं क्योंकि इससे आयात बिल घटता है और मुद्रास्फीति का दबाव कम होता है।
रुपया हुआ मजबूत
रुपया शुरुआती कारोबार में 21 पैसे की मजबूती के साथ 87.75 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप की उम्मीदों से रुपए को सहारा मिला। मजबूत रुपया आम तौर पर विदेशी निवेशकों का विश्वास बढ़ाता है।
बैंकिंग शेयरों में दमदार तेजी
बैंक निफ्टी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया और 57,770 के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया। यह सूचकांक मार्च 2025 के निचले स्तर से अब तक करीब 10000 अंक चढ़ चुका है। एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के तिमाही नतीजों को लेकर बढ़ते उत्साह ने बैंकिंग सेक्टर को मजबूती दी।
(प्रियंका कुमारी)