stock market today: शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेसेंक्स 1500 अंक चढ़ा, जानें बाजार के झूमने की 5 वजह

stock market today: भारतीय शेयर बाजार का जोश हाई नजर आ रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी में गुरुवार 17 अप्रैल को लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। आखिर क्यों भारतीय बाजार झूम रहे हैं। आइए आपको इसकी बड़ी वजहें बताते हैं।

By :  Desk
Updated On 2025-04-17 16:35:00 IST
भारतीय शेयर बाजार में क्यों तेजी देखने को मिल रही। जानिए कारण।

stock market today: भारतीय शेयर बाजार में पुरानी रौनक लौटती दिख रही है। सेंसेक्स और निफ्टी में गुरुवार (17 अप्रैल) को लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। दिन की शुरुआत तो थोड़ी सुस्त रही लेकिन दोपहर तक बाजार ने रफ्तार पकड़ ली और सेंसेक्स इंट्राडे में 1500 अंक तक उछल गया। सेंसेक्स ने दिन के दौरान 78,457 का हाई बनाया जबकि निफ्टी 23831 के स्तर तक पहुंच गया।

सिर्फ पांच कारोबारी दिनों में सेंसेक्स 4700 अंक से ज्यादा चढ़ चुका है और निफ्टी में भी 6% से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई है। इस तेजी के पीछे कुछ खास वजहें हैं, जिन्होंने बाजार में नई ऊर्जा भर दी है। आइए एक-एक इन वजहों को जानते हैं। 

महंगाई में बड़ी राहत
मार्च में खुदरा महंगाई दर गिरकर सिर्फ 3.34% रह गई है, जो6 साल का सबसे निचला स्तर है। इससे निवेशकों को उम्मीद है कि अब ब्याज दरें घट सकती हैं, जिससे लोन सस्ते होंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। 

बैंकिंग सेक्टर की दमदार चाल
बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई। HDFC Bank, ICICI Bank और Axis Bank के शेयरों में बढ़त रही। निफ्टी बैंक इंडेक्स में लगभग 2% की तेजी आई। साथ ही निवेशक बैंकों के चौथी तिमाही के रिजल्ट (19 अप्रैल को) का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

विदेशी निवेशकों की वापसी
FIIs यानी विदेशी निवेशक एक बार फिर भारतीय बाजार में लौट रहे हैं। वो दमदार एंट्री कर चुके हैं। लगातार दूसरे दिन उन्होंने 10 हजार करोड़ रुपये के करीब की खरीदारी की है। ये भरोसा दिखाता है कि भारत की ग्रोथ स्टोरी में ग्लोबल प्लेयर्स का भरोसा अभी भी बना हुआ है।

अमेरिका-जापान व्यापार बातचीत से भारत को उम्मीद
अमेरिका और जापान के बीच चल रही व्यापारिक बातचीत में भारत को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद इस बातचीत में शामिल हैं। निवेशकों को लग रहा है कि अगर भारत को व्यापार में फायदा मिला, तो इसका असर शेयर बाजार पर भी दिखेगा।

कमजोर डॉलर और काबू में कच्चे तेल की कीमत
डॉलर इंडेक्स गिरकर 99.56 पर आ गया है, जो कि पहले 109.88 था। कमजोर डॉलर से विदेशी निवेशकों को भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश का मौका मिलता है। साथ ही क्रूड ऑयल की कीमतें भी फिलहाल 66 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर हैं, जिससे महंगाई काबू में है और भारत की अर्थव्यवस्था को राहत मिल रही है।

बाजार में यह तेजी फौरी नहीं दिख रही, बल्कि इसके पीछे मजबूत आर्थिक संकेत और विदेशी निवेशकों का भरोसा है। अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में बाजार नए हाई बना सकता है। 

(प्रस्तुति: प्रियंका)

Similar News