PM-Kisan Samman Nidhi: 2024 में दोगुनी होगी पीएम-किसान सम्मान निधि, बजट में हो सकता है ऐलान

महिला किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की राशि दोगुनी करने से सरकार पर 120 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इस योजना के तहत अब तक 15 किस्तें किसानों के खाते में ट्रांसफर की जा चुकी हैं।

Updated On 2024-01-11 19:35:00 IST
PM Kisan

Budget 2024: आगामी 1 फरवरी को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण छठी बार अंतरिम बजट पेश करेंगी। इस दौरान कई अहम घोषणाओं पर देशवासियों की नजर है। हर साल आम बजट में मोदी सरकार का फोकस किसानों पर रहता है। इस बीच चर्चा है कि केंद्र सरकार महिला किसानों के लिए बंपर स्कीम लाने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, महिला किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की राशि सालाना 6 हजार रुपए से बढ़कर 12 हजार रुपए की जा सकती है।

केंद्र सरकार इसके साथ ही 21 वर्ष से अधिक उम्र की उन महिलाओं के लिए भी कैश ट्रांसफर स्कीम लाने की योजना बना रही है, जिन्हें सरकार की किसी भी योजना का फायदा नहीं मिल रहा है। फिलहाल इस बात की खूब चर्चा है, हालांकि भविष्य में यह लागू होगी या नहीं यह साफ नहीं है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत भी महिला कामगारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वर्तमान में मनरेगा में महिला कर्मचारियों की हिस्सेदारी 59.26% है, जो 2020-21 में 53.19% थी। 

60% महिला किसान, लेकिन 13% के नाम ही जमीन
देश में करीब 26 करोड़ किसान हैं, जो एक बड़ा मतदाता समूह हैं। आंकड़ों के अनुसार, कुल किसानों में 60% महिलाएं हैं, लेकिन उनमें से 13% से भी कम महिला किसानों के नाम जमीन हैं। महिला किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की राशि दोगुनी करने से सरकार पर 120 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इस योजना के तहत अब तक 15 किस्तें किसानों के खाते में ट्रांसफर की जा चुकी हैं। इसके तहत देशभर के करीब 11 करोड़ किसानों के खाते में 2.8 लाख करोड़ से ज्यादा की राशि पहुंच चुकी है। 16वीं किस्त फरवरी से मार्च के बीच डाली जा सकती है। 

चुनावी साल में मोदी सरकार का मास्टरस्ट्रोक
सूत्र के अनुसार, महिला किसानों को वित्तीय सहायता बढ़ाने से सरकारी वित्त पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि 550 अरब डॉलर के अनुमानित बजट में यह राशि अपेक्षाकृत कम है। भाजपा सरकार आम चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश में लगी हैं। महिलाएं पीएम मोदी और उनकी भाजपा पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण सपोर्ट बनी हुई हैं। साल 2023 के अंत में भाजपा पार्टी ने चार प्रमुख राज्यों में से तीन में उम्मीदों से बढ़कर शानदार जीत हासिल की, खासकर मध्य प्रदेश में, जहां महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में भारी मतदान किया। सी-वोटर के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा ने विवाहित महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना को शुरू किया। वहां भाजपा को करीब 51 फीसदी महिला वोट मिले, जबकि 46.2 प्रतिशत पुरुष वोट मिले।

Tags:    

Similar News