Gold- Silver price: सोना-चांदी ने मचाया हड़कंप, एक हफ्ते में गोल्ड ₹4,640 और सिल्वर ₹19,000 उछली, जानिए वजह
वैश्विक तनाव के बीच भारत में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। एक हफ्ते में गोल्ड ₹4,640 और सिल्वर ₹19,000 महंगी हुई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
वैश्विक तनाव के बीच भारत में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है।
नई दिल्ली। देश के सर्राफा बाजार में बीते एक सप्ताह के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में तेज़ उछाल देखने को मिला है। सोना लगातार सुरक्षित निवेश के रूप में अपनी मजबूती दिखा रहा है, जबकि चांदी में तो रिकॉर्डतोड़ तेजी दर्ज की गई है। बीते सात दिनों में 24 कैरेट सोने की कीमत में करीब 4,640 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग 4,250 रुपए महंगा हुआ है। मौजूदा समय में सोने की कीमतें अपने ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। 11 जनवरी 2026 को राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,40,610 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि 22 कैरेट सोना 1,28,900 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े महानगरों में भी कीमतें लगभग इसी दायरे में हैं।
इन शहरों में 24 कैरेट सोना करीब 1,40,460 रुपए प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,28,750 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है। पुणे और बेंगलुरु में भी सोने के भाव इन्हीं स्तरों पर बने हुए हैं। सोने की कीमतों में इस उछाल के पीछे वैश्विक स्तर पर बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव एक बड़ा कारण माना जा रहा है। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच हालिया तनाव, अमेरिका द्वारा सैन्य कार्रवाई और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को लेकर चल रही घटनाओं ने निवेशकों को चिंतित किया है। ऐसे हालात में निवेशक जोखिम भरे निवेश विकल्पों से दूरी बनाकर सोने जैसे सुरक्षित साधनों की ओर रुख करते हैं, जिससे इसकी मांग और कीमत दोनों बढ़ जाती हैं।
इसके अलावा, ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी ने भी वैश्विक अनिश्चितता को बढ़ाया है। ट्रंप के इस संकेत कि अमेरिका ग्रीनलैंड को खरीद सकता है या उस पर नियंत्रण कर सकता है, ने डेनमार्क और अमेरिका के रिश्तों में तनाव पैदा किया है। डेनमार्क की ओर से ग्रीनलैंड की रक्षा के लिए सैन्य कदम उठाने की चेतावनी ने बाजार में डर का माहौल बनाया है, जिसका फायदा सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं को मिला है। चांदी की बात करें, तो इसमें सोने से भी ज्यादा तेज उछाल देखा गया है। बीते एक सप्ताह में चांदी की कीमत में करीब 19,000 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। 11 जनवरी की सुबह चांदी 2,60,000 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की कीमत 76.92 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी हुई है।
देश के अन्य शहरों में आज क्या है सोने चांदी का भाव
शहर | 22 कैरेट | 24 कैरेट |
दिल्ली | 128900 | 140610 |
मुंबई | 128750 | 140460 |
अहमदाबाद | 128800 | 140510 |
चेन्नई | 128750 | 140460 |
कोलकाता | 128750 | 140460 |
जयपुर | 128900 | 140610 |
लखनऊ | 128900 | 140610 |
चंडीगढ़ | 128900 | 140610 |
भोपाल | 128800 | 140510 |