haribhoomi hindi news
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगाने के कथित प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है।

वॉशिंगटन/तेहरान। मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ता दिख रहा है। डोनल्ड ट्रंप ने शनिवार (स्थानीय समय) को साफ कर दिया कि अमेरिका, ईरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर किसी भी तरह का टोल लगाने की अनुमति नहीं देगा।

ट्रंप ने कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और यहां ट्रांजिट शुल्क लगाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, “नहीं, हम इसकी इजाजत नहीं देंगे। यह अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र है।”

ईरान के प्रस्ताव पर अमेरिका की सख्त प्रतिक्रिया
दरअसल, ईरान की ओर से कथित तौर पर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव सामने आया है। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ बताया और कहा कि अमेरिका ऐसा होने नहीं देगा। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के दौरे से पहले ही ट्रंप ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी साधा निशाना
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए ईरान की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए करना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने अब तक संयम बरता है ताकि बातचीत जारी रह सके, लेकिन जरूरत पड़ने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

दुनिया के लिए क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम समुद्री मार्ग है। दुनिया का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से तेल परिवहन पर निर्भर है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का शुल्क या तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकता है।

बढ़ सकता है क्षेत्रीय तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच इस मुद्दे को लेकर टकराव बढ़ने की आशंका है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो इसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल बाजार पर भी पड़ सकता है।
 

7