India on Kabul Airstrike: काबुल स्थित ओमिद नशामुक्ति अस्पताल (Omid Addiction Treatment Hospital) पर पाकिस्तान द्वारा किए गए विनाशकारी हवाई हमले के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को भारत सरकार ने पाकिस्तान की इस हरकत को 'कायरतापूर्ण और अक्षम्य' बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
400 से ज्यादा लोगों की मौत
अफगान तालिबान सरकार के अनुसार, 16 मार्च 2026 की रात हुए इस हमले में कम से कम 400 लोगों की जान गई है और 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि एक चिकित्सा केंद्र को किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य (Military Target) नहीं माना जा सकता।
'नरसंहार को सैन्य ऑपरेशन बता रहा है पाकिस्तान'
भारत ने पाकिस्तान के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें इसे एक सैन्य अभियान बताया गया था। विदेश मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तान अब एक नरसंहार को सैन्य अभियान का रूप देने की कोशिश कर रहा है। यह हमला अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा प्रहार है और क्षेत्रीय शांति के लिए बड़ा खतरा है।"
Our statement on Pakistan’s cowardly targeting of Kabul Hospital
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) March 17, 2026
🔗 https://t.co/uYbQhhc8MC pic.twitter.com/KVEaLyBtTB
रमजान के पवित्र महीने में हमला
भारत ने इस हमले के समय पर भी सवाल उठाए। MEA ने कहा कि पूरी दुनिया के मुस्लिम समुदाय के लिए रमजान शांति और रहम का महीना है, ऐसे समय में अस्पताल और मरीजों को निशाना बनाना पाकिस्तान की गिरती नैतिकता को दर्शाता है। बयान में कहा गया, "कोई भी धर्म, कानून या नैतिकता अस्पताल पर हमले को सही नहीं ठहरा सकती।"
अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कार्रवाई की मांग
भारत ने वैश्विक मंच पर पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने की अपील की है। भारत ने स्पष्ट किया कि वह अफगानिस्तान की अखंडता और संप्रभुता के साथ खड़ा है। MEA ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान द्वारा निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का यह सिलसिला तुरंत रुकना चाहिए।









