Itel A100: आईटेल ने भारत में अपनी लोकप्रिय ए-सीरीज के विस्तार की घोषणा कर दी है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कन्फर्म किया है कि वह जल्द ही Itel A100 को भारतीय बाजार में पेश करने वाली है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फोन का टीजर जारी कर इसके डिजाइन और कलर ऑप्शन से पर्दा उठा दिया है।
यह नया फोन पिछले साल लॉन्च हुए Itel A90 के उत्तराधिकारी (Successor) के रूप में आएगा। कंपनी का दावा है कि यह 8,000 रुपये से कम के सेगमेंट में सबसे टिकाऊ स्मार्टफोन होने वाला है।
प्रीमियम डिजाइन और शानदार कलर ऑप्शन
टीजर इमेज के मुताबिक, Itel A100 का डिजाइन काफी आधुनिक और प्रीमियम नजर आ रहा है। फोन में फ्लैट फ्रेम और स्क्वेयर्ड-ऑफ किनारे दिए गए हैं, जो इसे एक मैट फिनिश लुक देते हैं।
Get ready to welcome the Boss of Affordability!
— itel India (@itel_india) February 7, 2026
Coming soon!#itel #A100 #boss #smartphone #comingsoon pic.twitter.com/G5yJeWA9EY
फोन के रियर पैनल पर 'स्क्वायर-सर्कल' (Squircle) आकार का कैमरा मॉड्यूल है, जिसकी बनावट काफी हद तक गूगल पिक्सल 9 प्रो फोल्ड से प्रेरित लगती है। कैमरा आइलैंड में दो सर्कुलर कटआउट और एक एलईडी फ्लैश दिया गया है। ग्राहक इसे प्योर ब्लैक, सिल्क ग्रीन और टाइटेनियम गोल्ड जैसे तीन आकर्षक रंगों में खरीद सकेंगे।
UltraLink और मिलिट्री-ग्रेड मजबूती
Itel A100 की सबसे बड़ी खासियत इसकी मजबूती और कनेक्टिविटी फीचर्स हैं। कंपनी की माइक्रोसाइट के अनुसार, इस फोन को मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी के साथ पेश किया जाएगा, जिससे यह गिरने और खराब परिस्थितियों में भी सुरक्षित रहेगा। इसके अलावा, इसमें UltraLink फीचर दिया गया है, जो बिना सेलुलर नेटवर्क (नो सिग्नल एरिया) के भी चुनिंदा डिवाइस पर वॉयस कॉल करने की सुविधा देता है। साथ ही, फोन में इन-बिल्ट IR ब्लास्टर भी होगा, जिससे आप अपने घर के टीवी और एसी जैसे उपकरणों को कंट्रोल कर सकेंगे।
स्पेसिफिकेशन
बजट स्मार्टफोन होने के बावजूद Itel A100 में 90Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले मिलेगा, जो स्मूथ स्क्रॉलिंग का अनुभव देगा। पावर बैकअप के लिए इसमें 5,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। हालांकि कंपनी ने अभी तक सटीक लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन लीक्स की मानें तो इसकी कीमत 7,000 से 8,000 रुपये के बीच हो सकती है। याद दिला दें कि पिछले मॉडल Itel A90 को 6,499 रुपये में लॉन्च किया गया था, जिसमें 13MP कैमरा और Unisoc चिपसेट दिया गया था।










