Logo
एसटीएफ ने मैनपुरी में परीक्षा केंद्र के बाहर खेत में उत्तर पुस्तिकाएं लिखते 6 सॉल्वरों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में स्कूल प्रबंधक का बेटा भी शामिल, 6 अन्य आरोपी फरार।

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश में जारी बोर्ड परीक्षाओं के बीच नकल पर नकेल कसने के लिए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी करवाई की है। मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र स्थित महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, जोत में चल रही परीक्षा के दौरान केंद्र के बाहर खेतों में बैठकर उत्तर पुस्तिकाएं लिखते हुए छह सॉल्वरों को दबोचा गया है। पकड़े गए आरोपियों में स्कूल प्रबंधक ज्योत्सना यादव का बेटा आशीष यादव भी शामिल है।

​परीक्षा केंद्र के बाहर खेतों में रची जा रही थी नकल की साजिश

​द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। सूचना मिली कि परीक्षा केंद्र के बाहर खेतों में कुछ लोग अवैध रूप से उत्तर पुस्तिकाएं लिख रहे हैं। दोपहर करीब सवा चार बजे एसटीएफ आगरा की टीम ने बेवर पुलिस और एसडीएम के साथ मिलकर छापेमारी की, जिससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर छह सॉल्वरों को हिरासत में लिया, जबकि एक महिला सहित छह अन्य लोग भागने में सफल रहे।

​उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र बरामद, नकल अध्यादेश के तहत कार्रवाई

​एसटीएफ और पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से गणित की दो उत्तर पुस्तिकाएं और जीव विज्ञान का एक प्रश्नपत्र बरामद किया गया है। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, पकड़े गए सॉल्वरों में आशीष यादव, अनुज कुमार, अंकित कुमार, अरुण कुमार, शिवा चौहान और अवनीत शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध नकल अध्यादेश और सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​केंद्र का पूरा स्टाफ हटाया जाएगा, होगी नई तैनाती

​धांधली की जानकारी मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने थाने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हालांकि केंद्र के अंदर की स्थिति सही पाई गई थी, लेकिन बाहर हुई इस बड़ी धांधली को देखते हुए केंद्र के व्यवस्थापक सहित पूरे स्टाफ को तुरंत प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया गया है।

​शिक्षा विभाग और प्रशासन की साख पर सवाल

​स्कूल प्रबंधक के परिवार की संलिप्तता सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। डीआईओएस की तहरीर पर संबंधितों के विरुद्ध बेवर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह गिरोह कितने समय से सक्रिय था और इसमें स्कूल प्रबंधन के अन्य कितने लोग शामिल हैं।

5379487