Logo
election banner
PM Narendra Modi Bulandshahr Visit Updates: भाजपा ने इस रैली में 5 लाख लोगों को जुटाने का दावा किया है। चूंकि यह रैली अयोध्या में भव्य राम मंदिर के उद्घाटन और वहां नई राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के ठीक तीन दिन बाद हो रही है, इसलिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 

PM Narendra Modi Bulandshahr Visit Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पहुंचे। पश्विमी यूपी के इस जिले में प्रधानमंत्री ने करीब 20 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इसके साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत भी की। पीएम ने कहा कि मोदी चुनावी बिगुल नहीं, विकास बिगुल फूंकता रहता है। मोदी तो समाज के आखिरी व्यक्ति के कल्याण बिगुल फूंकता रहता है। मोदी को पहले जरूरत थी, न आज जरूरत है, न आगे जरूरत होगी। मोदी के लिए जनता जनार्दन चुनावी बिगुल फूंकती रहती है। मोदी को अपना समय नहीं लगाना पड़ता है।

माताओं-बहनों को साध गए पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'आपका ये प्यार और विश्वास, जीवन में इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। मैं आपके प्यार के लिए अभिभूत हूं। इतनी बड़ी तादाद में माताएं-बहनें आई हैं। सभी को मेरा विशेष प्रणाम। 22 जनवरी को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन हुए। अब यहां जनता जनार्दन का सौभाग्य मिला है। आज पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स मिले हैं। इनमें रेल लाइन, हाईवे, पेट्रोलियम पाइप लाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं। आज यमुना और राम गंगा की स्वच्छता से जुड़े प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण हुआ है। मैं पश्चिमी यूपी के सभी अपने परिवारीजनों को इसके लिए बधाई देता हूं।' 

Bulandshahr BJP Rally
बुलंदशहर की रैली में तमाम महिलाएं शामिल हुईं।

कल्याण के सपनों को किया याद
पीएम मोदी ने कहा, 'इस क्षेत्र ने देश को कल्याण जी जैसा सपूत दिया है। जिन्होंने राम काज और राष्ट्र काज के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। आज वो जहां हैं, अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। यह हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है। लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र के निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का, उनका स्वप्न को साकार करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। मिलकर काम करना है। अयोध्या में मैंने रामलला के सानिध्य में कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा का काम संपन्न हुआ, अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम और राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है।'

यूपी के तेज विकास के बिना संभव नहीं
पीएम मोदी ने कहा, 'हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। लक्ष्य बड़ा हो तो उसके लिए हर साधन जुटाना होता है। सबको मिलकर प्रयास करना पड़ता है। विकसित भारत का निर्माण भी यूपी के तेज विकास के बिना संभव नहीं है। इसके लिए हमें खेत खलिहान से लेकर ज्ञान, विज्ञान, उद्योग, उद्यम तक हर शक्ति को जगाना है। आज का आयोजन इसी दिशा में एक और कदम है। बड़ा कदम है। महत्वपूर्ण कदम है।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के दशकों में लंबे समय तक विकास को कुछ हिस्सों में सीमित रखा गया। देश का बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रहा। इसमें भी उत्तर प्रदेश जहां देश की सबसे ज्यादा आबादी बसती थी, उस पर ध्यान नहीं दिया गया। यह इसलिए हुआ कि क्योंकि लंबे समय तक यहां शासन करने वालों ने शासक की तरह बर्ताव किया। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है। साथ ही देश को भी इसका बहुत नुकसान हुआ है। 

कमजोर यूपी रहेगा तो देश सशक्त कैसे होगा?
पीएम ने कहा कि जब देश का सबसे बड़ा राज्य कमजोर हो तो देश कैसे ताकतवर हो सकता था। उत्तर प्रदेश को पहले ताकतवर बनाना होगा। मैं तो यूपी का सांसद हूं। मेरी विशेष जिम्मेदारी है। 2017 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद से यूपी में पुरानी चुनौतियों से निपटने के साथ ही आर्थिक विकास को नई गति दी है। आज का कार्यक्रम हमारी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आज भारत में दो बड़े डिफेंस कॉरिडोर पर काम चल रहा है। उसमें से एक पश्चिमी यूपी में बन रहा है। आज भारत में नेशनल हाइवे पर तेजी से विकास हो रहा है। उसमें से कई पश्चिमी यूपी में बन रहे हैं। यूपी के हर हिस्से को आधुनिक हाइवे से जोड़ रहे हैं। 

पहला नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी में
पीएम मोदी ने कहा कि पहला नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी में शुरू हुआ है। यूपी के कई शहर मेट्रो सुविधा से जुड़ रहे हैं। यूपी ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेट कॉरिडोर का हब बन रहा है। आने वाली शताब्दियों तक इसका महात्मय रहने वाला है। जब जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार हो जाएगा तो इस क्षेत्र को नई उड़ान मिलने वाली है। सरकार के प्रयासों से आज पश्चिमी यूपी रोजगार देने वाले प्रमुख सेंट्रल में से एक बन रहा है। केंद्र सरकार देश में चार औद्योगिक स्मार्ट शहर बनाने की तैयारी कर रही है। इसमें से एक औद्योगिक स्मार्ट शहर पश्चिमी यूपी के ग्रेटर नोएडा में बना है। इसका उद्घाटन करने का मुझे मौका मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले खराब कनेक्टिविटी की वजह से किसान की पैदावार समय पर बाजार नहीं पहुंच पाती थी। किसानों को अधिक भाड़ा देना पड़ता था। गन्ना किसानों को कितनी परेशानी होती थी, यह आपसे बेहतर कौन जानता है। किसानों की उपज को अगर विदेश एक्सपोर्ट करना होता था तो बहुत दिक्कत होती थी। इन सारी चुनौतियों का हल नए एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेड कॉरिडोर में है। अब किसानों की उपज और ज्यादा आसानी से विदेशी बाजारों तक पहुंच पाएंगे।

Pm narendra Modi
Pm Narendra Modi

गन्ना मूल्य बढ़ाने के लिए सीएम योगी को दी बधाई 
पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का प्रयास है कि गरीब का जीवन और बेहतर हो। मैं योगी जी को बधाई दूंगा कि उन्होंने नए पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य और बढ़ा दिया है। गन्ना, गेंहू, धान किसानों को पहले अपनी उपज का पैसा पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। लेकिन हमारी सरकार किसानों को इस स्थिति से बाहर निकाल रही है। अब मंडी पर अनाज बेचने पर किसान का पैसा उसके सीधे अकाउंट में जाना चाहिए। डबल इंजन सरकार ने गन्ना किसानों की समस्याओं को लगातार कम करने का प्रयास किया है। गन्ना किसानों की जेब में ज्यादा से ज्यादा पैसा जाएं, इसके लिए सरकार इथेनॉल बनाने पर बल दे रही है। इससे किसानों को अतिरिक्त पैसे मिल रहे हैं। किसानों का हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

उन्होंने कहा कि किसानों को सस्ती खाद मिलती रहे, इसके लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। दुनिया में यूरिया में प्रति बोरी 3 हजार रुपए में मिल रही है। लेकिन भारत में किसानों को 300 रुपए से भी कम कीमत में मिल रही है। अब देश ने नैनो यूरिया बनाया है। इसमें एक बोरी खाद की क्षमता एक बोतल में समा गई है। अब किसानों को लागत कम लगेगी और बचत ज्यादा होगा। पौने तीन लाख करोड़ रुपए पीएम किसान सम्मान निधि के तौर पर ट्रांसफर किए हैं। 

नमो ड्रोन दीदी योजना महिलाओं को बनाएगी सशक्त
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार सहकारिता के दायरे को लगातार बढ़ा रही है। कोऑपरेटिव सोसाइटी, एफपीओ हो, इन्हें गांव गांव तक पहुंचाया जा रहा है। ये छोटे किसानों के लिए बाजार की बड़ी ताकत बन रहा है। किसानों की एक बड़ी समस्या भंडारण की है। हमारी सरकार ने भंडारण की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए दुनिया की सबसे बड़ी योजना शुरू की है। इसके तहत पूरे देश में कोल्ड स्टोरेज का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। खेती को आधुनिक तकनीकी से जोड़ा जा रहा है। 

पीएम मोदी ने केंद्र सरकार के नमो ड्रोन दीदी योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। ये दीदी ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी ताकत बनने जा रही हैं। बीते 10 सालों में जन कल्याण का हर फायदा हर छोटे किसानों को मिल रहा है। गांवों के करोड़ों घरों में पहली बार टॉयलेट बने हैं। पहली बार नल से जल पहुंचा है। इसका सीधा लाभ हमारी माताओं बहनों को मिला है। पहली बार किसानों को पेंशन योजना का लाभ मिला है। मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज के सबसे ज्यादा लाभार्थी हमारे गांव के किसान और मजदूर हैं। कोई भी लाभार्थी सरकार की योजना से वंचित न रहे, इसके लिए मोदी की गारंटी वाली गाड़ी गांव-गांव आ रही है। 

बिना भेदभाव लाभ देना असली सेक्युलरिज्म
प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी है कि देश के हर नागरिक को उसके लिए बनी सरकारी योजना का लाभ मिले। आज देश मोदी की गारंटी को गारंटी पूरा होने की गारंटी मानती है। हमारी सरकार जो कहती है वो करके दिखाती है। मोदी शत प्रतिशत की गारंटी दे रहा है। जब सरकार शत प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंचती है तो किसी भेदभाव, भ्रष्टाचार की गुंजाइज नहीं रह जाती है। यही सच्चा सेक्युलरिज्म है। किसान किसी भी समाज का हो, उसकी जरूरतें, सपने एक जैसे हैं। महिलाओं की जरूरतें एक समान हैं। युवा किसी भी समाज का हो, उनके सपने, उनकी चुनौतियां एक जैसी हैं। मोदी बिना भेदभाव के हर जरूरतमंद तक पहुंचना चाहता है। 

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कोई गरीबी हटाओ का नारा देता रहा तो कोई समाजिक न्याय के नाम पर धोखा देता रहा। लेकिन आपने देखा होगा कि कुछ परिवारों तक अमीरी आई। गरीब जनता दंगों से सहमा रहा। मोदी ईमानदारी से आपकी सेवा में जुटा है। 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। जो गरीब हैं उनमें भी उम्मीद जगी है। मेरे लिए तो आप ही मेरा परिवार हैं। आपका सपना ही मेरा संकल्प है। जब आप सशक्त होंगे तो यही मोदी की पूंजी होगी। सबको सशक्त करने का अभियान जारी रहेगा। 

PM Narendra Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 20 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात दी।

रामलला प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रैली
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा, 'अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश में पहली रैली है। भाजपा ने रैली की सफलता के लिए काफी मेहनत की है। पश्चिम यूपी में एक पखवाड़े तक जनसंपर्क अभियान चलाया है।'

CM Yogi Adityanath Bulandshahr Visit
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर का दौरा कर पीएम मोदी के रैली की तैयारियों का जायजा लिया था।

कैसा है बुलंदशहर का जातीय समीकरण
बुलंदशहर में लोध राजपूतों, जाटों, गुज्जरों, मुसलमानों और दलितों की एक बड़ी आबादी है। इसे दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने अपना गढ़ बना लिया था। 1991 के बाद सिर्फ 2009 में हुए चुनाव को छोड़कर भाजपा लगातार लोकसभा सीट जीती है। 2009 में समाजवादी पार्टी के कमलेश वाल्मिकी ने चुनाव जीता था। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बुलंदशहर की सभी सात विधानसभा सीटों- अनूपशहर, डिबाई, खुर्जा, बुलंदशहर सदर, स्याना, शिकारपुर और सिकंदराबाद पर जीत हासिल की।

6 हारी सीटों पर भाजपा का फोकस
भाजपा ने 2019 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस हिस्से में 14 लोकसभा सीटों में से आठ पर जीत हासिल की थी। अब वह शेष सीटें भी हासिल करना चाहती है, जो वह समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन से हार गई थी।

5379487