रतलाम जिले के मथुरी तलाब में दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शवों को देख ग्रामीण दहशत में आ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच करने पहुंची तब तक इलाके में भारी भीड़ इकठ्ठा हो गई। बताया जा रहा है कि, दोनों मृतक दोस्त हैं और इनमें से एक कई दिनों से लापता था।
मामला जिले के करमदी ग्राम पंचायत का है। शव दोपहर के समय तालाब के ऊपर दिखाई दिए। सूचना मिलने पर माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे मौके पर पहुंचे। शव निकालने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया था। गोताखोरों ने शव निकाला। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
शव देख सदमे में परिजन
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय शंकर और 30 वर्षीय मुन्ना के रूप में हुई है। ये लोग रतलाम के ही रहने वाले हैं। जैसे ही शवों की पहचान हुई परिजन भी मौके पर पहुंचे। शवों के देख वे सदमे में आ गए। शंकर और मुन्ना पुराने दोस्त बताए जा रहे हैं।
3-4 दिन से लापता था मुन्ना
मुन्ना के पिता का कहना है कि, बेटा बीते 3-4 दिन से घर नहीं आया था। अक्सर वो मजदूरी के लिए घर से बाहर रहता था। मुन्ना के परिवार में पिता के अलावा एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं। मुन्ना ने 10 साल की जेल की सजा भी काटी है। एक महीने पहले ही वो जेल से छूटा था।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों युवक तालब तक कैसे पहुंचे इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। घटना कैसे हुई इसकी जांच अब पुलिस कर रही है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि, 15 अप्रैल की रात तीन लोग तालाब किनारे मोटर की चोरी करने के लिए आए थे। एक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था जबकि दो फरार हो गए थे। ग्रामीणों द्वारा बताई गई घटना का दोनों शवों से कितना संबंध है, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।








