Logo
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और एक प्रतिबंधित कार्बाइन बरामद की है, जबकि अमजद का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

मुजफ्फरनगर :  उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस और खूंखार अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद मारा गया है। बृहस्पतिवार तड़के बुढ़ाना इलाके में हुई इस कार्रवाई ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपराध जगत को दहला दिया है।

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई सीधी फायरिंग में दो पुलिसकर्मी एक दरोगा और एक सिपाही घायल हुए हैं।

बदमाशों की एक गोली पुलिस कप्तान संजय कुमार वर्मा की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बची। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और एक प्रतिबंधित कार्बाइन बरामद की है।

​तीन थानों की पुलिस ने घेरा, तड़के 3 बजे हुई खूनी मुठभेड़

​एसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, यह ऑपरेशन बृहस्पतिवार तड़के करीब 3:00 बजे अंजाम दिया गया। पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात के इरादे से मूवमेंट कर रहे हैं। इसके बाद बुढ़ाना, तितावी और शाहपुर थाने की संयुक्त टीम ने घेराबंदी शुरू की।

बुढ़ाना क्षेत्र में जब बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने हड़बड़ाहट में पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें शाहपुर के हरसोली गांव का रहने वाला अमजद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

​40 मुकदमा और 5 जिलों में फैला आतंक

​ढेर हुए बदमाश अमजद का आपराधिक इतिहास दहला देने वाला है। उस पर मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद और बिजनौर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 40 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से लूट, डकैती और हत्या के प्रयासों में वांछित चल रहा था, जिसके कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

​घायल पुलिसकर्मियों का साहस और सुरक्षा घेरा

​इस मुठभेड़ में पुलिस टीम के एक दरोगा और एक सिपाही को गोलियां लगी हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी मुजफ्फरनगर ने स्वयं मोर्चे का नेतृत्व किया, जिसकी वजह से वे बदमाशों के सीधे निशाने पर आ गए। जैकेट पर गोली लगने के बावजूद उन्होंने टीम का हौसला बनाए रखा और अपराधी को निष्क्रिय किया।

फिलहाल, पुलिस की कई टीमें फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में जंगलों और संभावित ठिकानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

5379487