Logo
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान केवल मदरसे तक सीमित नहीं है। उसी गाटा संख्या पर बने अन्य अवैध मकानों को भी जल्द ही ढहाया जाएगा।

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले की चंदौसी तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव नरौली में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन का कड़ा प्रहार देखने को मिला है। यहाँ ग्राम समाज की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए 'मदरसा बंजारी कुआं' को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

​गाटा संख्या 1635 और 1636 पर था 225 वर्ग मीटर अवैध कब्जा

​प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह मदरसा ग्राम समाज की गाटा संख्या 1635 और 1636 की करीब 225 वर्ग मीटर भूमि पर बना हुआ था। जांच में सामने आया कि लगभग छह साल पहले इस सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण कर 'मदरसा बंजारी कुआं' का संचालन शुरू किया गया था।

शिकायत मिलने के बाद 8 सितंबर 2023 को क्षेत्रीय लेखपाल ने भूमि की पैमाइश की और अपनी रिपोर्ट में अवैध कब्जे की पुष्टि की थी।

​एडीएम कोर्ट में अपील और लंबी कानूनी प्रक्रिया

​अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद जून 2024 में इस निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए गए थे। हालांकि, कार्रवाई को टालने के लिए मदरसा कमेटी के लोग एडीएम कोर्ट में अपील करने पहुँच गए थे। कोर्ट से राहत न मिलने और अपील खारिज होने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसडीएम ने बताया कि मदरसे में शिक्षा ले रहे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें गांव में ही निजी भूमि पर संचालित एक दूसरे मदरसे में शिफ्ट कर दिया गया है।

​अभी कई और अवैध मकानों पर चलेगा बुलडोजर

​एसडीएम चंदौसी ने सख्त रुख अपनाते हुए बताया कि उक्त गाटा संख्या 1635 और 1636 पर केवल मदरसा ही नहीं, बल्कि कई अन्य पक्के मकान भी अवैध रूप से बने हुए हैं।

प्रशासन ने इन सभी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर लिया है और आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस चेतावनी के बाद से ही गांव के अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मचा हुआ है।

5379487