Meerut: खाने-पीने का ऑनलाइन अर्डर करने वाले सावधान...। नवरात्रि में आपका भी धर्म भ्रष्ट हो सकता है। मेरठ की घटना से सबक लीजिए। मेरठ में बुधवार(2 अक्टूबर) की रात को बड़ा कांड हो गया। औघड़नाथ मंदिर के सेवादार ने पनीर रोल का ऑनलाइन ऑर्डर किया। डिलीवरी ब्वॉय ने पनीर की जगह एगरोल पहुंचा दिया। सेवादार ने खाने के लिए खोला तो उन्हें आमलेट नजर आया। इसके बाद सेवादार ने बवाल काट दिया। हंगामा करते हुए सेवादार थाने पहुंच गए। धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए हंगामे को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान ले लिए हैं।
जानें पूरा मामला
दिल्ली रोड विश्वा एंक्लेव निवासी नीतिश बुद्धिराजा औघड़नाथ मंदिर में सेवादार हैं। नीतिश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बुधवार रात बेमगपुल जीआईसी के सामने बाप ऑफ रोल्स नाम की दुकान से ऑनलाइन पनीर रोल ऑर्डर किया। ऑर्डर घर पहुंचने के बाद नीतिश ने उसे खोला। जैसे ही नितिश ने खाया तो उन्हें पनीर रोल का स्वाद नहीं लगा बल्कि उसमें एग का स्वाद था। नितिश आक्रोशित हो गए। हंगामा करते हुए नितिश ने कहा कि पनीर रोल की जगह उन्हें जानबूझकर एग रोल भेज गया है। जिससे उनका धर्म भ्रष्ट हो गया है।
दुकानदार गलती मानने को तैयार नहीं
नीतीश ने सदर थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने और गलत तरीके से सामान भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। पूरी घटना की वीडियो भी वायरल हो रहा है। हिंदूवादी नेताओं का कहना है कि हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त सख्त कार्रवाई होना जरूरी है। नीतिश अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे। दुकानदार से इसकी शिकायत की लेकिन दुकानदार अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।











