Logo
गाजियाबाद पुलिस ने समीर उर्फ शूटर को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली के एक होटल में काम करते हुए पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था।

गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है जो आतंकी संगठनों और पाकिस्तान के लिए भारत के संवेदनशील सैन्य ठिकानों की रेकी कर रहा था। इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी समीर उर्फ शूटर दिल्ली के एक होटल में प्लेट धोने का काम करता था, लेकिन पर्दे के पीछे वह देश की आंतरिक सुरक्षा में सेंध लगा रहा था।

पुलिस ने समीर के साथ उसके दो सहयोगियों, शामली निवासी समीर पठान और भोवापुर निवासी शिवराज को भी गिरफ्तार किया है।

​चांदनी चौक के होटल से चल रहा था जासूसी का खेल 
मूल रूप से बिहार के भागलपुर का रहने वाला समीर उर्फ शूटर दिल्ली के बल्लीमारान इलाके में रहता था। वह चांदनी चौक स्थित 'राजा हिंदुस्तानी' होटल में प्लेट धोने का काम करता था।

इसी साधारण काम की आड़ में वह देशभर के विभिन्न सैन्य ठिकानों की जानकारी जुटाकर पाकिस्तान भेज रहा था। जांच एजेंसियों के अनुसार, समीर पिछले करीब एक वर्ष से इन गतिविधियों में लिप्त था और लगातार सीमा पार अपने आकाओं के संपर्क में था।

​नौसैनिक अड्डे और सैन्य स्टेशनों की भेजी लाइव फुटेज 
पूछताछ में समीर ने स्वीकार किया है कि उसने राजस्थान, कर्नाटक और असम समेत कई राज्यों में संवेदनशील स्थानों की फोटो और वीडियो बनाई थीं।

समीर कर्नाटक के कारवार गया था, जहाँ उसने भारतीय नौसेना के 'आईएनएस कदंबा' (INS Kadamba) नौसैनिक अड्डे की वीडियो बनाई और उसे 'बोटिम एप' के माध्यम से पाकिस्तान भेजा। उसने असम के धुबरी जिले के बमूनिगांव स्थित सेना स्टेशन और सीआरपीएफ (CRPF) के ठिकानों की भी रेकी की थी।

​राजस्थान और जोधपुर के सैन्य ठिकाने भी उसके निशाने पर थे, जिनकी तस्वीरें उसके मोबाइल फोन से बरामद हुई हैं।

​फर्जी फंडिंग और 'शेल अकाउंट' का कनेक्शन 

जांच में जासूसी नेटवर्क की फंडिंग को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। समीर तक विदेशी पैसा पांच अलग-अलग स्तरों से होकर पहुँचता था। दिल्ली के एक जनसेवा केंद्र के माध्यम से यह रकम दिनेश नाम के व्यक्ति के खाते में भेजी जाती थी।

जांच एजेंसियां इस खाते को 'शेल अकाउंट' मान रही हैं। इस नेटवर्क में गाजियाबाद के शिवराज और प्रवीण की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें रेकी में मदद करने के बदले खर्च के तौर पर छोटी रकम दी जाती थी।

​प्रेम प्रसंग और पाकिस्तानी गैंगस्टर से संबंध

मामले में एक महिला 'मीरा' का नाम भी चर्चा में है, जो पहले ही आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार हो चुकी है। जांच में पता चला है कि शामली के समीर पठान और मीरा के बीच प्रेम संबंध थे।

इनके मोबाइल से बरामद चैट से यह भी संकेत मिले हैं कि मीरा का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर सरफराज उर्फ सरदार से भी था। इन आरोपियों ने मिलकर पानीपत रेलवे स्टेशन पर स्टैंडअप सीसीटीवी कैमरा लगाने की बात भी स्वीकार की है, जिससे वे लगातार स्टेशन की गतिविधियों पर नजर रख सकें।

7