haribhoomi hindi news
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी के केसी घाट पर श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पांटून पुल से टकराकर पलट गई, जिसमें 25 लोग डूब गए। अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

वृंदावन के केसी घाट पर शुक्रवार दोपहर करीब 25 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर पांटून पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव पल भर में यमुना की गहराई में समा गई।

नाव पर सवार सभी श्रद्धालु पानी में डूबने लगे, जिससे घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

​हादसे में अब तक तीन की मौत 
पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए गए बचाव अभियान में अब तक करीब 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षित निकाले गए लोगों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

हालांकि, इस हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत की खबर मिली है। गोताखोरों द्वारा अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए यमुना के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

​बचाव कार्य और मौजूदा स्थिति 
हादसे वाली जगह पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे बचाव कार्य में कुछ बाधा भी आ रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और बचाव दल का सहयोग करने की अपील की है। गोताखोरों की कई टीमें यमुना के बहाव की दिशा में लापता लोगों को खोजने का प्रयास कर रही हैं। प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

​परिजनों में मचा कोहराम 
हादसे की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतकों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। यमुना के घाटों पर सुरक्षा और नावों के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

7