haribhoomi hindi news
वाराणसी के चर्चित कफ सिरप कांड के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। अब दुनिया भर की एजेंसियां उसकी तलाश में जुट गई हैं।

वाराणसी में जहरीली और नकली कफ सिरप बनाने वाले सिंडिकेट के सरगना शुभम जायसवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वाराणसी पुलिस की सिफारिश पर सीबीआई के जरिए इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है।

इस नोटिस के जारी होने के बाद अब इंटरपोल के 195 सदस्य देशों की पुलिस शुभम की तलाश करेगी। शुभम जायसवाल पर आरोप है कि उसने भारी मात्रा में मिलावटी और मानक विहीन कफ सिरप तैयार कर लोगों की जान जोखिम में डाली और पुलिस की छापेमारी के बाद से ही वह फरार है।

​विदेश भागने की आशंका, एजेंसियों की पैनी नजर
जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए शुभम जायसवाल देश छोड़कर किसी अन्य देश में छिप गया है। इसी को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने उसके खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाकर रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू की थी।

इस नोटिस का मतलब है कि अगर शुभम किसी भी देश के एयरपोर्ट या सीमा पर पाया जाता है, तो उसे तत्काल हिरासत में लेकर भारत को प्रत्यर्पित किया जा सकेगा। वाराणसी के शिवपुर और आसपास के इलाकों में हुई छापेमारी के बाद इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ था।

​जल्द हो सकती है गिरफ्तारी 
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुभम जायसवाल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नोटिस जारी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।

वाराणसी पुलिस लगातार केंद्र और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के संपर्क में है ताकि इस 'मौत के सौदागर' को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके। इस मामले में पहले ही गिरोह के कई सदस्यों को जेल भेजा जा चुका है।

7