आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 में उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विजन डॉक्यूमेंट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार के मुताबिक, इस रोडमैप को तैयार करने में आगामी वर्षों की अनुमानित जनसंख्या को केंद्र में रखा गया है।
सरकार का मानना है कि 2047 तक राज्य की जनसंख्या लगभग 30 करोड़ पहुँच जाएगी, और इसी बड़ी आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए बुनियादी ढांचे और संसाधनों का खाका तैयार किया जा रहा है।
अगले 25 वर्षों में 5.5 करोड़ की वृद्धि का अनुमान
पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया और प्रदेश की आर्थिक समीक्षा के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि अगले 25 वर्षों में राज्य की जनसंख्या में लगभग 5.5 करोड़ की वृद्धि होगी। तुलनात्मक रूप से देखें तो पिछले 25 वर्षों (2001-2026) में यह वृद्धि लगभग 8.5 करोड़ रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2001 में यूपी की आबादी 16.62 करोड़ थी, जो वर्तमान में तेजी से बढ़ते हुए आगे जा रही है। अनुमान है कि वर्ष 2031 में जनसंख्या 26.65 करोड़, वर्ष 2046 में 29.84 करोड़ और वर्ष 2051 तक 30.72 करोड़ हो जाएगी।
घट रही है जनसंख्या वृद्धि दर
रिपोर्ट में एक राहत भरी जानकारी यह भी है कि उत्तर प्रदेश में जनसंख्या वृद्धि की दर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।वर्ष 2011 में यह वृद्धि दर 1.85 प्रतिशत प्रति वर्ष थी, जो वर्ष 2021 में घटकर 1.70 प्रतिशत पर आ गई। अब अनुमान है कि वर्ष 2026 से 2051 के बीच यह दर और तेजी से गिरकर 0.58 प्रतिशत प्रति वर्ष रह जाएगी।
हालांकि दर कम हो रही है, लेकिन कुल जनसंख्या का बढ़ता आंकड़ा संसाधनों पर दबाव बढ़ाएगा, जिसके लिए विजन 2047 में विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं।
विकसित यूपी के लिए रोडमैप में बदलाव
मुख्यमंत्री के निर्देशों के मुताबिक, विजन डॉक्यूमेंट में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं ताकि भविष्य की 30 करोड़ की आबादी को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर मिल सकें। विजन डॉक्यूमेंट में महिला आरक्षण, सशस्त्र बलों में बेटियों की भागीदारी और स्टार्टअप्स में महिलाओं की भूमिका जैसे सामाजिक बदलावों को भी स्थान दिया गया है।
प्रमुख सचिव ने स्पष्ट किया कि रोडमैप को अंतिम रूप देने का काम जारी है और इसमें अनुमानित जनसंख्या के हर पहलू को बारीकी से शामिल किया गया है।










